छात्र की मौत का मामला: गुरुकुल महाविद्यालय के प्रबंधक समेत छह पर रिपोर्ट, चार विद्यार्थी भी शक के दायरे में
गुरुकुल महाविद्यालय में कक्षा छह के छात्र अनुराग की मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें गुरुकुल प्रबंधक और आचार्य समेत छह लोगों को नामजद कराया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर स्थित गुरुकुल महाविद्यालय में कक्षा छह के छात्र अनुराग यादव की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को परिजनों ने प्रबंधक और आचार्य समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद के बजाय अज्ञात में तहरीर मांगी तो परिजनों ने हंगामा भी किया। दूसरी ओर एसओजी समेत सीओ ने संदेह के घेरे में आने वाले आचार्यों से पूछताछ की है।
कन्नौज जिले के थाना छिबरामऊ के रामखेड़ा गांव निवासी ब्रजेश कुमार ने अपने बेटे अनुराग यादव का प्रवेश 12 अप्रैल 2025 को महाविद्यालय में कराया था। भोजन, सुरक्षा, शैक्षणिक सामग्री के साथ अनुराग की पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय की थी। आठ जुलाई को उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: दूल्हे के जीजा ने दुल्हन पर उड़ाए नोट... विरोध पर चलाई गोली, बवाल के बाद बैरंग लौटी बरात
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने व हड्डी टूटने से मौत होना सामने आने पर पुलिस ने हत्या के बिंदु पर जांच शुरू की। मृतक के परिजन ने भी हत्या की आशंका जताई। बृहस्पतिवार को मृतक के परिजन करीब 30 से 35 लोगों के साथ थाने में पहुंचे और तहरीर देकर बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने अनुराग से कई दिनों से बात नहीं कराई थी।
नोकझोंक के बाद दर्ज की गई रिपोर्ट
अनुराग की हत्या आपराधिक साजिश के तहत की गई। आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या में गुरुकुल महाविद्यालय के प्रबंधक, प्रमुख आचार्य, वार्डन, सुरक्षा गार्ड, जिम्नास्ट प्रमुख ब्रह्मचारी, व्यवस्थापक शामिल हैं। पुलिस ने तहरीर को नामजद के बजाय अज्ञात में देने को कहा। इसे लेकर परिजन की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। हालांकि देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
संबंधित खबर- गुरुकुल में छात्र की मौत: हादसा नहीं, हत्या है... पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा, तीन आचार्य हिरासत में
संदेह के घेरे में आए चार छात्र, कई चरण में हुई पूछताछ
अनुराग के साथ लेटे चार छात्रों पर पुलिस के शक की सुई घूमने लगी है। पुलिस ने उनसे कई चरण में पूछताछ की है। बृहस्पतिवार को एसओजी व सीओ प्रशिक्षु ने भी पूछताछ की। इसके बाद एक छात्र को शाम को बुलाया और फिर परिजन के साथ घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली।
अनुराग के साथी रहे चार छात्रों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया जाएगा। इनका परीक्षण पैनल से होगा। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर तैयारी शुरू की गई। वहीं, दूसरी ओर विद्यालय में पुलिस की आवाजाही की वजह से करीब 30 से 35 छात्र अपने घर लौट गए हैं।