शाहजहांपुर: जनप्रतिनिधियों ने नहीं सुनी फरियाद, समाजसेवी ने खुद के खर्च से भरवाए हाईवे के गड्ढे
खुटार में समाजसेवी आशीष पटेल ने अपने खर्च पर हाईवे के गड्ढे भरवाए। जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर एक साल से गड्ढे और जलभराव से दुर्घटनाएं हो रही थीं। जनप्रतिनिधियों ने लोगों की शिकायतें नहीं सुनीं। शुक्रवार को एक ई-रिक्शा पलटने के बाद आशीष पटेल ने ईंटें भरवानी शुरू कीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार में कई बार मांग करने पर भी सांसद और विधायक चुप्पी साधे रहे तो समाजसेवी आशीष पटेल ने अपने खर्च पर हाईवे के गड्ढों में ईंट भरवाकर लोगों को राहत दी है। स्थानीय लोगों ने आशीष पटेल की सराहना की तो जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए हैं।
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर खुटार से मैलानी की ओर निकलते ही हाईवे पर तालाब बना हुआ है। यहां हाईवे नीचा है और आसपास मकान ऊंचाई पर बने होने के कारण घरों का पानी हाईवे पर ही भरता रहता है। एक साल से अधिक समय से समस्या चल रही है। बाइक और ई-रिक्शा आए दिन पानी में बने गहरे गड्ढों में पलटने से लोग चोटिल हो जाते हैं।
आसपास रहने वाले लोग कई बार जनप्रतिनिधियों से मिलकर और प्रार्थनापत्र देकर हाईवे के गड्ढे भरवाने और जलजमाव से निजात दिलाने की मांग करते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। अमर उजाला ने 23 अगस्त के अंक में मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
ईंटों से भरे गड्ढे
शुक्रवार को भी एक ई-रिक्शा गहरे गड्ढों के कारण गंदे पानी में पलट गया। गनीमत रही कि ई-रिक्शा में सवारियां नहीं थीं। चालक भी चोटिल होने से बच गया। दोपहर बाद गांव सलनहा के आशीष पटेल ने निजी खर्च से हाईवे के गड्ढों में ईंटें भरवानी शुरू कर दीं। देर शाम तक ईंट डलवाई जाती रहीं। इससे काफी हद तक गड्ढे भरने से बाइक सवारों और ई-रिक्शा चालकों ने राहत की सांस ली है।
आशीष पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन एक महिला अपने पति के साथ भाई को राखी बांधने जा रही थी। दंपती गंदे पानी में गिर गए थे, तभी उन्होंने हाईवे पर गड्ढों में रोड़े डलवाने का फैसला कर लिया था। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार लोग सक्रिय होते तो राहगीरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
पुवायां के विधायक चेतराम ने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता और प्रयास कर पीडब्ल्यूडी को मरम्मत की राशि ट्रांसफर करा दी गई है। जल्द ही शाहजहांपुर, पुवायां और खुटार क्षेत्र में हाईवे के छूटे हिस्से की मरम्मत शुरू हो जाएगी।
एसडीएम पुवायां सदानंद सरोज ने कहा कि एनएचएआई के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।