फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Six people died in a collision between a bike and an Eco

Shahjahanpur News: बाइक और इको की टक्कर में छह लोगों की गई जान

Wed, 07 May 2025 12:40 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर Published by: बरेली ब्यूरो Updated Wed, 07 May 2025 12:40 AM IST
विज्ञापन
Six people died in a collision between a bike and an Eco
मृतक दिनेश का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार रात इको वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार चारों दोस्तों की जान चली गई। वहीं, वैन चला रहे युवक और उसके भतीजे की मौत हो गई। माना जा रहा है कि वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। एक हादसे से छह परिवारों में मातम छाया हुआ है।
विज्ञापन

मदनापुर थाना क्षेत्र में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर काबिलपुर गांव के सामने पेट्रोल पंप से थोड़ा पहले सोमवार रात करीब 11 बजे बरेली की ओर जा रही बाइक और मदनापुर की ओर से आ रही इको वैन आमने-सामने टकरा गई। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई थी। हादसे में इकाे वैन में सवार बरेली के फरीदपुर के गांव करनपुर निवासी सुधीर (40 वर्ष), उनका भतीजा सोनू (18) बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें गाड़ी के दरवाजे तोड़कर निकालना पड़ा।
विज्ञापन

बाइक में सवार तिलहर के नजरपुर निवासी रवि (20 वर्ष), आकाश (20 वर्ष), दिनेश (19 वर्ष) और अभिषेक (19 वर्ष) भी बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को लेकर मदनापुर सीएचसी आई। यहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त रवि की मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मदनापुर के ककैया गांव गए थे। वापसी में हादसा हो गया। वहीं, इको वैन में सवार चाचा-भतीजे मदनापुर के गिरधरपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सुबह एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और जांच की।

रफ्तार बनी काल, छह परिवारों पर टूट पड़ा दुखों का पहाड़
शाहजहांपुर। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने के प्रयास में छह लोगों की जान चली गई। छह घरों को कभी न भूलने वाला गम मिला है। परिजनों को यकीन ही नहीं हुआ कि हंसते-खिलखिलाते चेहरे हमेशा के लिए मुरझा जाएंगे।
मदनापुर में काबिलपुर के पेट्रोल पंप के पास हुए भीषण हादसे में छह लोगों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आधी रात के बाद जब हादसे की खबर मृतकों के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। परिजन बोले, बच्चों का चेहरा आंखों के सामने से नहीं हट रहा है। वे तो घर से खुशी-खुशी निकले थे, लेकिन अब कपड़े में लिपटे शांत पड़े हैं। मृतकों के परिजनों को संभाल रहे लोगों की आंखें भी भर आईं।


देखो मेरा लाल मुझसे रूठ गया...दर्दभरी आवाज सुन रो पड़ी हर आंख

दिनेश छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार के लोग उसके लिए रिश्ता देख रहे थे, लेकिन अभी उसकी शादी तय नहीं हुई थी। दिनेश की मौत से उसके परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। उसके पिता भीमसेन, बड़ा भाई प्रेमपाल, रामविलास, नीलेश, बहन रामवती व रेखा का रो-रोकर हाल बेहाल है। मां सुमन बोलीं, मेरा लाल मुझसे रूठ गया है... मां की इस दर्द भरी आवाज को सुन हर आंख से आंसू बह निकले। महिलाओं ने दिनेश की मां को किसी तरह से संभाला।


कक्षा आठ में पढ़ता था रवि, परिवार की थी जिम्मेदारी

मृतक रवि कुमार चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह गांव के ही विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ाई कर रहा था। बड़ा होने के चलते उस पर परिवार की जिम्मेदारियां भी थीं। रवि की मौत से उसकी मां चंदा, पिता सूरजपाल, भाई अभि, बहन ज्योति और काजल रोते-रोते कई बार बेहोश हुईं। रिश्तेदारों ने सभी को संभाला।



दिनेश व आकाश के रिश्ते की चल रही थी बात...

आकाश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, उसके रिश्ते की बात चल रही थी। एक लड़की को देखा भी था, लेकिन रिश्ता तय नहीं हुआ था। पोस्टमाॅर्टम हाउस पर पिता राजू की जुबां लड़खड़ा गई। उन्होंने चुप्पी साल ली, लेकिन उसकी आंख के आंसू नहीं रुके। परिजनों ने आकाश के पिता को संभाला। आकाश की मां सावित्री, भाई अवनीश, पंकज, विवेक बेसुध हो गए हैं। वहीं, मृतक दिनेश के रिश्ते भी बात चल रही थी।


हे भगवान...यह किस जुर्म की दी सजा

सोमवार देर रात मेवाराम के बेटे अभिषेक की मौत की खबर सुन उसके परिवार में कोहराम मच गया। सभी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मां अंजली बिलख पड़ीं। बोलीं, हे भगवान यह किस जुर्म की सजा दी..., महिलाओं ने उन्हें सीने से लगाया। उनकी आंख के आंसुओं को पोंछा। अंजलि का दर्द महिलाओं से देखा नहीं गया तो खुद भी रोने लगीं। भाई चंद्रपाल, देवराज, जयपाल, बहन सोनी, सरोज, रिंकी, आरती गुमसुम हो गईं।


बरात से लौट रहे थे चाचा-भतीजे...रास्ते में मिली मौत

बरेली के थाना फरीदपुर के करनपुरकलां निवासी 40 वर्षीय सुधीर अपने रिश्ते के भतीजे 18 वर्षीय सोनू के साथ गांव निवासी सोनू की बरात में शामिल होकर मदनापुर क्षेत्र के गिरधरपुर गांव से अपनेे घर लौट रहे थे। बरेली से आए सोनू के बाबा शेर सिंह यादव ने उनकी पहचान की है। उन्होंने बताया कि सोनू कक्षा 12 की पढ़ाई कर रहा था। सोनू भाई-बहनों में छोटा था। भाई धीरेंद्र, आरेंद्र, बहन विजयलक्ष्मी, मां सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि इको कार सुधीर की थी। वह किराए पर चलवाता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। कार में गांव का रहने वाला रोहित और एक अन्य युवक बैठा था। दोनों को मामूली चोटें आईं हैं।


तेज रफ्तार के चक्कर में हुआ हादसा
बाइक पर चार युवक बैठे हुए थे। बाइक रवि की थी और वह ही चला रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। माना जा रहा है कि चार सवारी होने के बावजूद काफी तेजी से बाइक चलाई जा रही थी। किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आई इको वैन नहीं दिखी और बाइक पूरी गति से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक काफी ऊपर उछल गए। बाइक में आग लग गई। एसपी राजेश द्विवेदी ने खुद मौके पर पहुंच अपनी जांच की। हादसे का कारण पता लगाने के निर्देश दिए हैं।



रवि की मौसेरी बहन की थी शादी


रवि की कांट के कटैया गांव निवासी मौसेरी बहन की सोमवार को शादी थी। रवि अपनी बाइक से अपने दोस्त आकाश, अभिषेक और दिनेश के साथ बहन की शादी में शामिल होने के लिए रात करीब आठ बजे निकला था। साढ़े दस बजे के आसपास वे लोग घर के लिए निकले थे। वापसी में हुए हादसे ने चारों की जिंदगी छीन ली। देर रात घटना का पता चलने पर चारों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि चारों दोस्त एक साथ ही रहते थे। कहीं जाते थे तो साथ-साथ जाते थे। आज दुनिया भी एक साथ छोड़ गए।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed