शाहजहांपुर। निगोही की डालमिया चीनी मिल प्रबंधन ने शनिवार को बरी लालपुर गांव में एक कंपनी के ड्रोन के जरिये राजपाल के गन्ने के खेत में कीटनाशक के छिड़काव कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर मिल के गन्ना महाप्रबंधक आजाद सिंह ने किसानों काे बताया कि हाथ अथवा बैटरी से चलने वाली स्प्रे मशीन से छिड़काव में समय अधिक लगता है और मजदूरी भी ज्यादा देनी हाेती है। बढ़ चुकी फसल में स्प्रे करते वक्त सांप, बिच्छुओं का भी डर बना रहता था।
ड्रोन से छिड़काव में समय और मजदूरी व्यय के साथ पानी की भी बचत होगी। उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि गन्ने के खेतों में मिट्टी चढ़ा कर गन्ने की बंधाई अवश्य कर लें, जिससे कि तेज हवा में गन्ना गिरने से रोका जा सके। इस दौरान सहायक गन्ना प्रबंधक अजीत कुमार, गन्ना अधिकारी मयंक दुबे, किसान छत्रपाल सिंह, राम सिंह, लाल बहादुर आदि मौजूद रहे। संवाद