रील के चक्कर में टूटी शादी: बरात लेकर नहीं आया दूल्हा, बोला- युवती वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालती है
शाहजहांपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रिश्ता तय होने के बाद युवक ने शादी से इनकार कर दिया। उसका कहना है कि युवती रील बनाकर इंस्टाग्राम पर डालती है। लोग तरह तरह के कमेंट करते हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने की जिद से नाराज युवक ने युवती से शादी से इन्कार कर दिया। वहीं, युवती ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी कर लड़का पक्ष पर शादी वाले दिन कार की मांग पूरी न करने पर बरात न लाने का आरोप लगाया है। पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
कांट के एक गांव की रहने वाली युवती का विवाह उन्नाव जिले में रहने वाले युवक से तय हुआ था। गोदभराई की रस्म हो चुकी थी। 16 फरवरी को बरात आनी थी। लड़की पक्ष ने अपनी सारी तैयारी पूरी कर ली थी। मैरिज लॉन भी बुक कर लिया था। रिश्ता तय होने के बाद युवती-युवक के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। इस बीच युवक को पता चला कि मंगतेर रील बनाने की शौकीन है। वह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालती है।
युवक बोला- वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट करते हैं लोग
कांट इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि युवती के रील बनाने से युवक को एतराज था। उसका कहना था कि वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट करते हैं। इसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई थी। रील को लेकर युवक ने शादी से इन्कार कर दिया।
ये भी पढ़ें- UP: दो लड़की... चार लड़के, स्पा सेंटर से आ रही थी युवती की चीखने की आवाज; अंदर का नजारा देख पुलिस हैरान
दूसरी तरफ युवती ने अपना एक वीडियो बनाकर शाहजहांपुर पुलिस को टैग किया है। इसमें युवती हाथ जोड़े हुए कह रही है कि उसकी बरात 16 फरवरी को आनी थी। उसी दिन सुबह युवक ने कार की मांग कर दी। इन्कार करने पर बरात को लेकर नहीं आया। मामले में थाने में तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
दोनों पक्ष के लोग मामले को सुलझाने में लगे
युवती ने वीडियो में बताया कि उसके पिता ने गोदभराई की रस्म में खेत को गिरवी रखकर ढाई लाख रुपये दिया था। अब शादी में कार की मांग की जा रही है, जो देने में असमर्थ होने पर शादी से इन्कार कर दिया। मामले को दोनों पक्ष के लोग सुलझाने में लगे हैं। सीओ सदर प्रियांक जैन ने बताया कि रील बनाने से मना करने पर युवक ने शादी से इन्कार किया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।