शाहजहांपुर: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, मां ने छोटे बेटे पर लगाया हत्या का आरोप
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर में पड़ा मिला। मृतक की मां ने अपने छोटे बेटे पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र के गांव कढ़ैया निवासी हरिओम उर्फ उदयपाल (30 वर्ष) की बृहस्पतिवार सुबह घर में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक की मां ऊषा देवी ने अपने छोटे बेटे पर ही गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
गांव निवासी ऊषा देवी के पति गजराज की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके चार बेटे हैं। तीन की शादी हो चुकी है, जबकि हरिओम अविवाहित था और मां के साथ रहता था। हरिओम गांव में साइकिल मरम्मत का काम करता था।
बृहस्पतिवार सुबह खाना बनाने के बाद ऊषा देवी पड़ोस के घर मोबाइल फोन चार्ज करने चली गईं। कुछ देर बाद लौटने पर हरिओम घर में मृत पड़ा मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
ऊषा देवी ने पुलिस को बताया कि बेटों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते छोटे बेटे ने हरिओम की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोप की जांच शुरू कर दी है।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मृतक की मां अपने ही बेटे पर हत्या का आरोप लगा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।