कलान। जनता की भारी मांग के बावजूद अब तक तहसील क्षेत्र में आधार संशोधन केंद्र नहीं खोले जाने से मंगलवार को डाकघर में आधार पर फोटो, फिंगरप्रिंट आदि अद्यतन कराने वालों की फिर लंबी कतार लग गई।
आधार संशोधित कराने के लिए सुबह से ही कई गांवों के तमाम बच्चे, किशोर, युवा और बुजुर्ग वहां इकट्ठा हो गए। भीड़ के कारण डाकघर का कंप्यूटर आपरेटर भी परेशान हो गया। शाम तक यह काम होता रहा, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा हुई कि तमाम लोगों को मायूस लौटना पड़ा।
आधार संशोधित कराने आए एक व्यक्ति ने बताया कि जनसेवा केंद्रों पर मामूली शुल्क पर होने वाले इन कामों के लिए 500 से 4000 रुपये तक लिए जा रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक हरिप्रकाश वर्मा भी आधार केंद्र खोलने के बारे में डीएम से पत्राचार कर चुके हैं, लेकिन इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। संवाद