Holi 2023: कड़ी सुरक्षा घेरे में निकलेंगे 'लाट साहब', शाहजहांपुर में ढके गए धार्मिक स्थल, ताकि न पड़े रंग
शाहजहांपुर में होली के मौके पर लाट साहब का जुलूस निकाला जाता है। एक व्यक्ति को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी से शहर में घुमाया जाता है। यह परंपरा करीब 300 साल पुरानी है।
विस्तार
शाहजहांपुर में होली पर लाट साहब का जुलूस कड़ी सुरक्षा घेरे में निकाला जाएगा। इसे लेकर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां में जुटा है। लाट साहब के जुलूस के रूट पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को तिरपाल से ढका जा रहा है। अधिकारी बताते हैं कि होली से पूर्व ही रंग खेलना शुरू हो जाता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर तिरपाल डालकर पहले ही सुरक्षा कर ली गई ताकि किसी धार्मिक स्थल पर रंग न पड़े। शहर के अंटा चौराहा, सदर बाजार, चौक क्षेत्र में जुलूस के रास्ते वाले धार्मिक स्थलों पर तिरपाल डाल दिए गए हैं।
300 साल पुरानी है परंपरा
होली के मौके पर लाट साहब के पांच जुलूस निकाले जाते हैं। सबसे ज्यादा बड़े और छोटे लाट साहब को लेकर पुलिस चिंतित रहती है। एक व्यक्ति को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी से घुमाया जाता है। लाट साहब पर जूता-चप्पलों के साथ रंगों की बौछार होती है। यह परंपरा करीब 300 साल पुरानी है। आरसी मिशन और चौकसी से निकलने वाले जुलूस में सबसे ज्यादा हुड़दंग होने के कारण पुलिस को यहां पर ज्यादा प्रबंधन करना पड़ता है।