Shahjahanpur News: शारदीय नवरात्र पर बढ़े फलों और पूजन सामग्री के दाम, ड्राई फ्रूट्स भी हुए महंगे
नवरात्र पर पूजन सामग्री, फल व ड्राई फ्रूट्स के दाम बढ़ गए हैं। सेब 80 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। केला भी महंगा हुआ है। हालांकि दुकानदारों का कहना है कि इससे खरीदारी पर असर नहीं पड़ा है।
विस्तार
शारदीय नवरात्र का लेकर बाजार में चहल-पहल देखने को मिल रही है। नौ दिनों तक देवी मां की आराधना के चलते भक्तों द्वारा उपवास रखे जाने के चलते बाजार में फलों व ड्राई फ्रूट की मांग बढ़ी है। देवी मां के शृंगार व पूजन की सामग्री की खरीदारी हो रही है। पूजन सामग्री, फल व ड्राई फ्रूट्स के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हालांकि दुकानदारों का कहना है कि इससे खरीदारी पर असर नहीं पड़ा है।
बहादुरगंज में पूजन सामग्री के विक्रेता
फल विक्रेता अनुज गुप्ता ने बताया कि मां के शृंगार की सामग्री के साथ चुनरियां बिक रही हैं। पूजन सामग्री का पैकेट बाजार में उपलब्ध है। इसमें जौ, सुपारी, सिंदूर, कपूर सूखा नारियल और लौंग है। लहंगा चुनरी के साथ माता को चढ़ाने के लिए कई तरह के फूल माला कई रेंज में उपलब्ध है। यह 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक बिक रहे हैं। मखमल से लेकर जॉर्जेट के कपड़ों में लहंगा उपलब्ध है।
मोती व कुंदन से जड़ा लहंगा श्रद्धालुओं को काफी पसंद आ रहा है। डिजाइनर कलश व दीये अलग-अलग रेंज में उपलब्ध हैं। नवरात्र के पहले दिन स्थापना के लिए कलश 10 रुपये से 50 रुपये तक खूब बिके। रंगीन कलशों के साथ-साथ जय माता दी, मां व ओम लिखे कलशों की काफी मांग है। छोटी प्रतिमा, फोटो, माला, चुनरी की दुकानों जगह-जगह सज गई।
80 से 120 रुपये किग्रा तक बिक रहे सेब
नवरात्र पर मांग के चलते फलों के दाम 20 से 50 रुपये तक बढ़े हैं। पिछले सप्ताह 40 से 60 रुपये प्रति किग्रा बिकने वाले सेब नवरात्र से एक दिन पहले 80 से 120 रुपये में हो गए हैं। पपीता और मौसमी 50 से 60 रुपये प्रति किग्रा, नारंगी 60 रुपये किग्रा, केला 40 से 60 रुपये दर्जन, नारियल 25 से 30 रुपए पीस बिक रहा है। अनार 220 से 240 रुपये व अमरूद 80 से 100 रुपये प्रति किग्रा है।
ड्राई फ्रूट के रेट में मखाना 100 रुपये का 50 ग्राम, बादाम 800 से 1000 रुपये किलो, गोला फुटकर बाजार में 150 से 200 रुपये किग्रा, चिरौंजी 1600-1700 रुपये प्रति किलो में है। ड्राई फ्रूट्स कारोबारी राकेश के मुताबिक जन्माष्टमी से अबतक बादाम, चिरौंजी, काजू, मखाना और छुआरा आदि के 20 फीसदी तक दाम बढ़ गए हैं।