UP News: डीआरएम ने शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश
डीआरएम राजकुमार सिंह शुक्रवार को सीनियर डीसीएम ऋचा शर्मा के साथ शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए। उन्होंने यात्री विश्राम कक्षों व स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।
विस्तार
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के दौरान डीआरएम को सफाई कर्मी बिना जूते व मास्क के दिखाई दिए। टिकट घर के पास कर्मचारियों के लिए बना शौचालय चोक होने की शिकायत मिली। इस पर उन्होंने संबंधित को सुधार लाने के निर्देश दिए। डीआरएम शुक्रवार को सीनियर डीसीएम ऋचा शर्मा के साथ शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए थे।
डीआरएम राजकुमार सिंह निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से दोपहर करीब 12 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय के बाहर खड़े सफाई कर्मियों ने उन्हें स्टेशन की सफाई के लिए उपलब्ध मशीन को चलाकर दिखाया। इस बीच कुछ सफाई कर्मी बिना जूते के दिखे, इसके साथ ही उनके पास मास्क भी नहीं था। डीआरएम ने इसका कारण पूछा तो उपस्थित ठेकेदार कोई सही जबाव नहीं दे सका। इस पर सीएचआई को सफाई कर्मियों की पूरी यूनिफार्म और सेफ्टी किट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
जब दोनों अधिकारी टिकट घर की ओर से पहुंचे तो सीनियर डीसीएम ने महिला कर्मचारी से टिकट बुकिंग के साथ ही उनकी सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। इस बीच महिला कर्मचारी ने शौचालय के चोक होने की जानकारी दी। जिसका निरीक्षण कर सीनियर डीसीएम ने तत्काल समस्या के समाधान को लेकर निर्देशित किया। टिकट घर के अंदर इन्वर्टर और यूपीएस में खराबी को लेकर शिकायत मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को सुधार के लिए कहा, कक्ष में सीलन देखकर आईओडब्ल्यू को सभी कक्षों में मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
विश्राम कक्षों का लिया जायजा
इससे पहले दोनों अधिकारियों ने पार्सल, सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित विश्राम कक्षों का जायजा लिया। यहां पर उच्च श्रेणी के विश्राम कक्ष में बेड पर चादर न देखकर उसके संबंध में जानकारी ली और उनको रखने की व्यवस्था को देखा। सीनियर डीसीएम ने कक्ष में एसी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने दूसरे विश्राम कक्ष में शिशु सुविधा केंद्र के केबिन को देखा।
इसके बाद डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक के कक्ष में जाकर अभिलेख चेक करते हुए उनसे ट्रेनों के संचालन, मेमो आदि को रजिस्टर में अंकित करने के संबंध में पूछताछ की। पुस्तकालय का जायजा लेने के बाद दोनों अधिकारी अपनी निरीक्षण स्पेशल ट्रेन पर सवार होकर रोजा जंक्शन के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर सीएमआई एसके ठाकुर, आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा, स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर, सीआईटी कृष्णकांत सीएचआई शशांक पांडेय, त्रिलोक चंद आदि मौजूद रहे।