शाहजहांपुर: पशुओं से फसल बचाने के लिए तार बांधकर छोड़ा करंट, चपेट में आकर दो किसानों की मौत
गांव लखोहा निवासी अंकित गौतम, अरविंद कुमार और सुमित सोमवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। तभी सड़क किनारे विकास गुप्ता के खेत में आवारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए लगाए गए तारों की चपेट में आ गए।
विस्तार
पुवायां क्षेत्र के लखोहा गांव में पशुओं से फसल को बचाने के लिए लगाए गए करंट वाले तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव लखोहा निवासी अंकित गौतम, अरविंद कुमार और सुमित सोमवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। इस दौरान सड़क किनारे विकास गुप्ता के खेत में आवारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए लगाए गए तारों की चपेट में आ गए। तारों में करंट होने के कारण अंकित और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को बचाने के दौरान सुमित घायल हो गया।
सूचना मिलने पर उनके परिजन तीनों को पुवायां सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अंकित और अरविंद को मृत घोषित कर दिया और सुमित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। विकास गुप्ता का खेत गांव बितौनी निवासी भोला ने बंटाई पर ले रखा है और भोला ने ही तार लगाकर उनमें करंट दौड़ा रखा था।
पुलिस ने अंकित के भाई धनंजय की तहरीर पर भोला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भोला की तलाश की जा रही है।