फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   BJP rally stage set changes, Amit Shah today will

भाजपा की परिवर्तन रैली को मंच तैयार, आज आएंगे अमित शाह

Sat, 17 Dec 2016 12:04 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर Updated Sat, 17 Dec 2016 12:04 AM IST
विज्ञापन
BJP rally stage set changes, Amit Shah today will
प‌र‌िवरतन रैली का मंच
बरेली मोड़ के पास बड़े ग्राउंड पर शनिवार दोपहर होने वाली भाजपा की परिवर्तन रैली के लिए शुक्रवार रात को मंच बनाकर तैयार कर दिया गया। अपराह्न के समय पहुंचने वाले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लिए मंच के पीछे हैलीपैड तैयार कर दिया गया है। पुलिस - प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के लिहाज से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार शाम को रैली में मंच के पास एसपी देहात रमेश भारतीय ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों को ब्रीफिंग कर समझाया कि रैली के दौरान व्यवस्था बनाए रखने को क्या- क्या करना है। पुलिस ने सभा स्थल पर रिहर्सल भी किया। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली रैली की व्यवस्था की कमान संभालने को पार्टी के प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, रैली प्रभारी हर्षवर्धन आर्या और पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल शुक्रवार को ही शाहजहांपुर पहुंचे। इन्होंने रैली स्थल जाकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्य मंच के सामने एक ओर वीआईपी के और दूसरी ओर मीडिया के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। शेष भाग में कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सियां डाली गई हैं। विभिन्न दिशाओं से आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों की पार्किग आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर की गई है ताकि नेशनल हाईवे और फर्रुखाबाद राजकीय मार्ग पर ट्रैफिक निर्बाध रूप से संचालित होती रहे। इस रैली पर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ ही दूसरे दलों की भी निगाहें लगी हुई हैं क्योंकि प्रधानमंत्री के करीब माने जाने वाले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से नोटबंदी से उपजे हालात और होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बन रही र्पा्टी की रणनीति संबंधी उनके विचारों को जानने की सभी में उत्सुकता है। इस बीच पार्टी में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों से टिकटों के दावेदारों द्वारा रैली में भीड़ जुटाने को पूरी ताकत झोंकी गई है। शुक्रवार रात जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र और महामंत्री डीपीएस राठौर ने कार्यकर्ताओं से रैली स्थल पर दोपहर 12 बजे से पहले पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करने का अह्वान किया है ताकि किसी को कोई असुविधा ना हो और अव्यवस्था वाली स्थिति न बने।
विज्ञापन

भाजपा की परिवर्तन यात्रा मीरानपुर कटरा पहुंची
जिले में पहुंची भाजपा की परिवर्तन यात्रा का जिला भ्रमण कार्यक्रम निगोही से सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरंभ हुआ। वहां हमजापुर चौराहे पर यात्रा की अगुवाई कर रहे भाजपा विधानमंडल दल नेता सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही और यात्रा के सह प्रभारी देवेद्र चौधरी ने सभा की। उससे पहले तिलहर विधायक रोशन लाल मौर्य ने उनका स्वागत किया। उसके बाद यात्रा पुवायां, सिंधौली, नियामतपुर, कैंट, रेती, हरदोई मोड़, बरेली मोड़, कांट जलालाबाद, मदनापुर होकर रात को मीरानपुर कटरा पहुंचीं। शनिवार सुबह मीरानपुर कटरा से यात्रा आरंभ होकर तिलहर और बंथरा होते हुए परिवर्तन रैली में शामिल होगी। पुवायां मार्ग पर नियामतपुर पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का ढोल - नगाड़े और पुष्प वर्षा से स्वागत किया। वहां से आगे बढ़ने पर कैंट में यात्रा का थोड़ी देर के लिए पड़ाव हुआ। यहां यात्रा की अगुवाई कर रहे पदाधिकारियों ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यदान कर श्रद्धांजलि दी। यहां हुई सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा राज ने कहा कि सपा के कुशासन और बसपा के घोटाला राज के प्रति जनता को जागरूक करने को यह यात्रा निकली है ताकि जनता सूबे में परिवर्तन कर अपने पसंद की भाजपा की सरकार बना सके। स्वागत करने वालों में छावनी परिषद उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित, पार्टी के नगर अध्यक्ष अनिल बाण, मुकेश राठौर, मंजुला बाथम,मुकेश, उर्मिला देवी, रेखा राना आदि शामिल थे। शहरी क्षेत्र से मदनापुर तक यात्रा का स्वागत करने वालों में पूर्व विधायक देवेंद्र पाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री अरुण सागर, ब्लॉक प्रमुख क्षमा वर्मा, नवनीत पाठक, हरिप्रकाश वर्मा, अंशुल सिंह चौहान, सुनीता कोविद सिंह, वीर विक्रम सिंह, मनोज कश्यप, रजनी भानू सिंह, नीरज कुमार, जेपी मिश्रा, सुधीर सिंह आदि शामिल थे। 
विज्ञापन

जिलाध्यक्ष के गिरेबां पर हाथ डाला
यहां हमजापुर चैराहे पर शुक्रवार सुबह परिवर्तन यात्रा के शुरू होने के दौरान भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी थी। मुख्य बस में भाजपा विधानमंडल दल नेता के साथ जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र मौजूद थे। तभी वहां पहुंचे कई माननीयों को सुरक्षा कर्मियों ने बस में चढ़ने से रोक दिया। भाजपा विधानमंडल दल नेता के हस्तक्षेप पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव और पार्ट्री के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव भी बस में सवार हुए। स्वागत को पहुंचे तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा को भी बस में चढ़ने दिया गया। बाकी को नीचे ही रोक दिया गया जिस पर कार्यकर्ताओं के एक धड़े ने नाराजगी जाहिर की तो जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र से उनकी नोंकझोंक होने लगी। कुछ कार्यकर्ताओं ने तैश में जिलाध्यक्ष का गिरेबां पकड़ा तो पूर्व जिलाध्यक्ष ने बस से उतरकर बीचबचाव कर स्थिति को संभाला। 
विज्ञापन
विज्ञापन

कटरा में आज होगा यात्रा का स्वागत
मीरानपुर कटरा। कटरा विधानसभा क्षेत्र में शनिवार सुबह भाजपा की परिवर्तन यात्रा का नखाशा के सामने भानू प्रताप सिंह और रजनी सिंह की अगुवाई में स्वागत होगा। उसके बाद यात्रा शाहजहांपुर के लिए रवाना होगी। 

और तब बस से पूर्व मंत्री को उतरना ही पड़ा!
पुवायां। पुवायां के पूर्व चेयरमैन डॉ. सुधीर गुप्ता  बड़ागांव में बिजली उपकेंद्र के पास स्वागत का कार्यक्रम कर रखा था। इस दौरान भारी भीड़ जमा हो गई। दोपहर बाद परिवर्तन यात्रा बड़ागांव में पहुंचने पर पहले कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर नारेबाजी लगाते हुए अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा विधानमंडल दल के नेता शाहजहांपुर के विधायक सुरेश खन्ना और पूर्व मंत्री देवेंद्र सिरोही ने बस की छत से ही कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए संबोधन किया। इसके बाद बस जाने लगी तो पास में माला लिए खड़े कार्यकर्ता बस के आगे से हटे ही नहीं और स्वागत कराने का अनुरोध किया। जिस पर विधायक और पूर्व मंत्री सहित भाजपा के जिलाध्यक्ष राकेश मिश्रा बस से नीचे उतरे तो कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की फूलों की माला से सभी का स्वागत किया। इससे पूर्व में पुवायां के राजीव चौक पर तमाम कार्यकर्ताओं ने और तिलहर विधायक रोशनलाल ने गांव बड़ागांव में शैलेश वैश्य और अन्नू अग्रवाल सहित तमाम कार्यकर्ताओं के साथ परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed