Ramleela: शाहजहांपुर में रामलीला से जुड़कर रंगकर्म की साधना कर रहे कलाकार, छात्राएं भी निभाएंगी किरदार
शाहजहांपुर में ओसीएफ रामलीला को भव्य बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। ओसीएफ ड्रामेट्रिक क्लब के कलाकार भी रामलीला मंचन के पूर्वाभ्यास में जुटे हैं। इनमें मुख्य किरदारों के साथ ही छोटे रोल करने वाले कलाकार भी अपनी छाप छोड़ते नजर आएंगे।
विस्तार
शाहजहांपुर की ओसीएफ रामलीला में शहर के कई कलाकार अपनी अभिनय क्षमता प्रदर्शित करते नजर आएंगे। इनमें से कई पहली बार मंच पर दिखेंगे। इसको लेकर युवा काफी उत्साहित हैं। युवा हजारों दर्शकों के सामने अपना हुनर दिखाने को बड़ा मौका मान रहे हैं।
ओसीएफ रामलीला को भव्य बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। ओसीएफ ड्रामेट्रिक क्लब के कलाकार भी रामलीला मंचन के पूर्वाभ्यास में जुटे हैं। इनमें मुख्य किरदारों के साथ ही छोटे रोल करने वाले कलाकार भी अपनी छाप छोड़ते नजर आएंगे। इनमें सखी, देवकन्या, दासी व माताओं के किरदार निभाने वालीं किशोरियां भी शामिल हैं।
कई कलाकार पिछले कई सालों से अपने अभिनय की छाप छोड़ रहे हैं, जबकि कुछ पहली बार मंचन करेंगे। इसको लेकर उनमें उत्साह देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि वह अपना शत-प्रतिशत देने के लिए प्रयास करेंगे।
रामलीला को लेकर कलाकार उत्साहित
निराली वर्मा ने कहा कि वह रामलीला में हर साल सखी, राक्षसी व देवी के किरदार निभाती हैं। रामलीला के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करती रहती हूं। इस समय इंटरमीडिएट में अध्ययनरत हूं।
चंचल चौहान ने बताया कि वह काफी समय से रामलीला में काम कर रही हूं। सभी तरह के रोल कर लेते हैं। देवियों, सखी के किरदार ही मिलते हैं। उनको निभाने के लिए अपना शत-प्रतिशत देने का प्रयास करते हैं। रंगकर्म में रुचि है, आगे जाना चाहते हैं।
UP News: 21 अफसरों और कर्मियों की मिलीभगत से हुआ भूमि अधिग्रहण घोटाला, मंडलायुक्त ने शासन को भेजी रिपोर्ट
रजनी वर्मा बताती हैं कि उन्होंने रामलीला में वर्ष 2019 से मंचन शुरू किया था। कौशल्या, शैलजा, योगमाया, विश्वमोहिनी, रति के रोल निभाती हैं। वास्तविक जीवन में सिलाई करती हैं। जिससे घर वालों का आर्थिक सहयोग कर सकें।
मालिनी का रोल निभाएंगी मानसी
मानसी कश्यप ने कहा कि वर्ष 2023 में पहली बार रामलीला मंचन में हिस्सा लिया था। पिछली बार सखियों में शामिल रही और नृत्य भी किया था। इस बार मालिनी का रोल मिला है। हाईस्कूल की छात्रा हूं, पढ़ाई के साथ रंगमंच में भी हाथ आजमा रहे हैं।
नैंसी राठौर ने कहा कि बहन से प्रेरणा लेकर रामलीला मंचन में आना हुआ। इस बार सखी और दासी का रोल निभाएंगे। इससे पहले भी रामलीला में प्रतिभाग करने के लिए पूर्वाभ्यास शुरू किया था, लेकिन परीक्षाएं शुरू होने पर छोड़ना पड़ा था।
खुशी सक्सेना ने कहा कि 2019 से रामलीला मंचन करना शुरू किया था। सखियों में रहूंगी। बड़ी दीदी भी रामलीला में किरदार निभाती हैं। उनके साथ ही यहां आना होता है। रंगकर्म में आगे बढ़ना परिस्थितियों पर निर्भर करेगा, डॉक्टर बनना चाहती हूं।
लक्ष्मी सक्सेना पहली बार रामलीला में रोल निभाएंगी। कहा कि सखियों में शामिल किया गया है, नृत्य भी करती नजर आऊंगी। हजारों दर्शकों के सामने अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। मेरे द्वारा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास रहेगा।
वर्षा सक्सेना कक्षा सात में पढ़ती हैं। रामलीला में मंचन को लेकर पहली बार मौका मिल रहा है। इससे पहले कभी रंगमंच नहीं किया है। वर्षा ने कहा कि वह देवकन्या व माताओं का चरित्र निभाएंगी। इसके लिए पूर्वाभ्यास कर रही हैं। रंगकर्म को आगे जारी रखने का मन है।