एडीएम का अलग अंदाज: लोअर टी-शर्ट पहन सुबह चार बजे खेतों में पहुंचे... खनन करती जेसीबी-ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी
शाहजहांपुर के एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने शुक्रवार को सुबह करीब चार बजे खुटार में छापा मारा। अवैध खनन में करने वालों पर कार्रवाई की। जेसीबी-ट्रैक्टर ट्रॉली भी पकड़ी।
विस्तार
शाहजहांपुर में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार कार्रवाई करने के तरीकों को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। दो दिन पहले गमछा बांधकर गेहूं भरे ट्रक पकड़े थे। शुक्रवार को एडीएम सुबह चार बजे अचानक खुटार पहुंच गए और मिट्टी से भरे पांच ओवरलोड डंपर पकड़वा कर पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
एडीएम सुबह चार बजे ही खुटार पहुंच गए। यहां उन्होंने मिट्टी भरे पांच ओवरलोड डंपर पकड़ लिए। चालक कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद सभी डंपर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिए गए। एडीएम ने कहा कि मामले में एआरटीओ और जिला खनन अधिकारी जांच कर कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: वक्फ संपत्ति बता कब्रिस्तान की जमीन को कब्जाया... बनाई दरगाह, FIR दर्ज होते ही आरोपी फरार
खुटार से वापस शाहजहांपुर जाते समय पुवायां के गांव गंगसरा में अवैध खनन कर मिट्टी ले जाती ट्रॉली मिली। एडीएम ने ट्रैक्टर रुकवाकर चालक से पूछताछ की और चालक को अपनी गाड़ी में बिठाकर खनन स्थल पर पहुंचे। यहां एसडीएम चित्रा निर्वाल, कानूनगो, लेखपाल और पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
जबरन किया जा रहा था खनन
जिस खेत से मिट्टी खनन किया गया है, उसके स्वामी नारायणलाल ने एडीएम को बताया कि उनके खेत से रात में जबरिया अवैध खनन किया गया। जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचे और खनन को मना किया लेकिन उनको धमकी देकर चुप करा दिया गया। एडीएम ने पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मिट्टी भरा ट्रैक्टर सीज कर दिया गया है। राजस्व टीम को खनन की जांच कर जुर्माना वसूलने का निर्देश भी दिया गया है।