Shahjahanpur News: पति पर बहाने से बुलाकर पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप, लखनऊ ले जाते समय तोड़ा दम
मदनापुर थाना क्षेत्र के फाजिलपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शालू सिंह की शादी चार साल पूर्व हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के श्याम सिंह के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन के बाद से ही शालू को उसकी ससुराल वाले दहेज में एक लाख की नकदी व कार की मांग को लेकर परेशान करने लगे।
पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया कि 10 मई को शालू की तहेरी बहन की शादी थी, इसलिए नौ मई को शालू का ससुर उसे मायके में छोड़ गया। 28 मई की सुबह शालू के पति ने उसे फोन पर अपने नाना की तबीयत खराब होने के बहाने से बुला लिया। धीरेंद्र बहन शालू को उसकी ससुराल छोड़कर आया ही था कि रिश्तेदार का फोन आया कि शालू को आग लगा दी गई है।
लखनऊ जाते वक्त तोड़ा दम
इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने यूपी-112 पर सूचना दी। शालू को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देख शालू को बरेली रेफर किया गया। सोमवार की रात लखनऊ ले जाते समय शालू ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई का आरोप है कि बहन ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। भाई ने कहा कि पिता के पास इतने रुपये नहीं थे कि वह कार दे पाते।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि झुलसी महिला की मौत की सूचना पर उसके शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। घटना हरदोई जिले की है। वहां के संबंधित थाने से कार्रवाई होगी।