शाहजहांपुर। लालपुर में सत्य विद्या फाउंडेशन की ओर से स्व. विद्यावती की छठी पुण्यतिथि पर ददरौल क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए वृहद चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में करीब चार घंटे में 425 रोगियों की जांच की गई।
शिविर में करीब 225 नेत्र रोगियों की जांच की गई। जरूरतमंदों को सौ से अधिक निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। दंत रोगियों के उपचार के लिए वैन की व्यवस्था की गई थी। मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
आयोजक अशोक अग्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय लोगों को उचित चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना है। हेल्पलाइन संस्था की ओर से नेत्र रोगियों को चश्मे उपलब्ध कराए गए। इस दौरान सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया, विधायक अरविंद सिंह, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, जिला कारागार अधीक्षक जेपी तिवारी आदि मौजूद रहे।