फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बिलबिला उठा जनजीवन

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बिलबिला उठा जनजीवन

Wed, 19 Jul 2017 07:34 PM IST
Updated Wed, 19 Jul 2017 07:34 PM IST
विज्ञापन
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बिलबिला उठा जनजीवन
शाहजहांपुर। बारिश का दौर थमने और दो दिन से खिल रही चटख धूप के कारण भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग मंगलवार को आधी रात से हुई आपातकालीन बिजली कटौती से बिलबिला उठे। रात 11:30 बजे से पॉवर कारपोरेशन के सिस्टम कंट्रोल ने दो घंटे की आपात कटौती लागू कर दी। रात 1:30 बजे बिजली सप्लाई शुरू हुई, लेकिन इसी के साथ एलटी लाइनों पर ओवरलोडिंग से लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो गई। बिजली संकट को लेकर दो दिन पहले तिलहर में हुए बवाल के बाद बुधवार को खुटार और बंडा में लोग सड़क पर उतर आए। यही नहीं, अघोषित बिजली कटौती से जिले की कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया है।
विज्ञापन

इसलिए हुआ बिजली संकट
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अंशुमान यादव ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद राजवेदी के स्तर से जारी सर्कुलर का हवाला देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की नास्ता, छाकड़ी, करछम आदि जल विद्युत परियोजनाएं उनसे संबंधित जलाशयों में सिल्ट जमा होने से ठप हो गईं जिससे करीब 500 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया। यही नहीं, हरियाणा में पॉवर ग्रिड की चंबा-कुरुक्षेत्र लाइन ट्रिप होने से यूपी के हिस्से की 1200 मेगावाट बिजली सप्लाई में रुकावट पड़ गई। एक्सईएन के अनुसार प्रदेश में करीब दो हजार मेगावाट बिजली की कमी हो गई है और इसे देखते हुए एमडी ने अगले एक-दो दिन में बिजली सप्लाई सामान्य होने तक जन सामान्य से धैर्य बनाए रखने की अपेक्षा की है।
विज्ञापन

लाइनों पर डेढ़ गुना लोड होने से बढ़ी ट्रिपिंग
पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार गत वर्ष जुलाई माह में 26-27 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई और इस दौरान जिले की लाइनों पर 70 से 80 मेगावाट लोड चलता रहा। इस बार जुलाई में 42 मिलियन यूनिट बिजली खर्च होने से लाइनों पर लोड बढ़कर 110 मेगावाट हो गया है। अफसरों का मानना है कि भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से हो रही ओवरलोडिंग के कारण बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज आदि समस्याएं बिजली संकट को बढ़ावा दे रही हैं। विभागीय अभियंताओं के अनुसार प्रदेश की कई हाइड्रो पॉवर यूनिटों में उत्पादन बंद हो जाने और ट्रांसमिशन लाइनें ट्रिप होने से यह समस्या पैदा हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

खुटार। बुधवार को गांव मोहनपुर, टोडरपुर, मैनिया, मंडनपुर के तमाम किसानों ने खुटार के बिजली उप केंद्र पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। गांव टोडरपुर के पूर्व प्रधान मंजीत सिंह का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान जेई सचिन कुमार ने उनसे गाली गलौज करते हुए ज्यादा प्रदर्शन करने पर ओवरलोड दिखाकर मुकदमें दर्ज कर जेल भिजवाने की धमकी दी। किसानों ने जेई को खुटार उप केंद्र से तत्काल हटवाए जाने की मांग की है। जेई सचिन कुमार ने गाली गलौज और अभद्रता की बात को पूरी तरह से निराधार बताते हुए कहा कि बिजली कम मिल रही है। उधर गांव रूरा के गुरुद्वारे में गांव खमरिया, भोपतपुर, उदरा, महोलिया, हरीपुर के तमाम किसान पंचायत में शामिल हुए और एकजुट होकर बड़ा आंदोलन किए जाने की घोषणा की। गांव मलिका में मंदिर पर हुई पंचायत में भी तमाम किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
24 घंटे में बिजली सप्लाई में सुधार नहीं तो चक्का जाम
रामपुर कलां/ खुटार। गुरुद्वारा संगतपुरा रामपुर में हुई पंचायत में बिजली न मिलने से किसानों की फसल सूखने से भारी नुकसान पर चिंता जताते हुए 24 घंटे में सुधार न होने पर चक्का जाम करने का फैसला लिया गया। इस दौरान ज्ञानी नरेंद्र सिंह, निर्मल सिंह, जसवीर सिंह, सतनाम सिंह, मंजीत सिंह, हरवंश सिंह, दिलबाग सिंह, गुरमेल सिंह, राजा सिंह, परमजीत सिंह, गुरमेल सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
पुवायां में बिजली कटौती पर सपा का प्रदर्शन
पुवायां। पुवायां में बिजली की कटौती से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार केएम दीक्षित को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल है। यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सपा कार्यकर्ता आंदोलन को बाध्य होंगे। ज्ञापन पर सपा के पुवायां विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गोपाल अग्निहोत्री, जगजीत सिंह टांडे, अंकुर गुप्ता, पवन कश्यप सहित तमाम कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।
बंडा में एसडीओ का घेराव कर धूप में बैठाया
बंडा। बंडा के बिजली उप केंद्र पर पांच सौ से अधिक किसानों ने धरना प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि फीडरों पर समान रूप से बिजली आपूर्ति नहीं की जाती है, जिससे सिंचाई नहीं होने पर धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बिजली उप केंद्र पर ताला जड़ दिया और एसडीओ को मौके पर बुलाने पर अड़ गए। सूचना पाकर एसडीओ गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित किसानों ने उन्हें घेर लिया और एक घंटे तक धूप में बिठाए रखा और बिजली अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एसडीओ ने बताया कि लोड अधिक होने के कारण सभी फीडरों पर एक साथ बिजली दिया जाना संभव नहीं है। एसडीओ ने लिखित आश्वासन दिया कि सभी फीडरों पर कट लगाकर समान रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी। किसी भी फीडर के उपभोक्ताओं से भेदभाव नहीं किया जाएगा। इस दौरान जसवीर सिंह, सुखदेव सिंह, रंजीत सिंह, राजू सिंह, रजनीश धवन, गुड्डू यादव, विनय कनौजिया सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान बेहोश होकर गिरा किसान
बंडा। बिजली उप केंद्र पर प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी के कारण गांव पोहकरापुर निवासी किसान सुखदेव सिंह बेहोश होकर गिर पड़े। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। बमुश्किल उन्हें होश में लाकर इलाज के लिए डॉक्टर के यहां ले जाया गया।

पांच से छह घंटे मिल रही सप्लाई
जलालाबाद। नगर में बिजली की जारी जबरदस्त कटौती से लोग परेशान हैं आलम यह है कि चौबीस घंटे में बमुश्किल पांच से छह घंटे ही सप्लाई मिल पा रही है खास बात यह है कि अब तक रात में मिलने वाली भरपूर सप्लाई में भी सात से आठ घंटे की कटौती की जा रही है जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। एसडीओ कुमार विकल ने बताया कि डिमांड के अनुरूप व्यवस्था न हो पाने के कारण कटौती ऊपर से हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed