जुनावई। गुन्नौर थाना क्षेत्र के सेंजना मुस्लिम गांव के युवक मो. मुगीश (25) की पंजाब में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शुक्रवार को जब शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। नम आंखों के बीच सुपुर्द-ए -खाक किया गया। पंजाब में ही रहने वाले मुगीश के साढ़ू अकरम ने बताया कि मो. मुगीश पुत्र अल्लाह महर अपनी पत्नी गुलशन और बच्चों के साथ पंजाब प्रांत के लुधियाना के मच्छी बड़ा में रहकर कबाड़ खरीदने का काम करते थे। चार दिन पहले आठ जुलाई को मुगीश बाइक से बने जुगाड़ू वाहन लेकर कबाड़ खरीदने की बात कहकर घर से निकले थे। चमकौर साहिब नहर रास्ते पर कार ने जुगाड़ वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में मुगीश की मौत हो गई। शाम तक मुगीश के घर वापस न लौटने पर पत्नी गुलशन ने समझा कि हो सकता कि मुगीश सेंजना मुस्लिम गांव में चले गए होंगे। दूसरे दिन मुगीश के साढू अकरम को मो. मुगीश का बाइक वाहन और कार रोड किनारे खड़ी दिखाई दी। उसने स्थानीय थाना में पहुंच कर जानकारी जुटाई तब कहीं मुगीश की मौत की जानकारी हुई।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने साढू की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया और शव पत्नी के सुपुर्द कर दिया। साढ़ू अकरम और सेंजना मुस्लिम गांव के अख्तर अली कुरैशी ने बताया मो. मुगीश का शव पंजाब से शुक्रवार की सुबह गांव में लाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है। मुगीश अपने पीछे पत्नी गुलशन और आठ वर्षीय बेटी कुलसुम, छह बेटा वर्षीय हसनेन, तीन वर्षीय बेटा जैन, एक वर्षीय बेटी मायरा को छोड़ गया है।