खेत में लगे तारकशी में आए करंट से किसान व भैंस की मौत
जुनावई/चंदौसी(संभल)। गांव चिंगरिया में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तारकशी में करंट आने से किसान और उसकी भैंस की मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
थाना गुन्नौर क्षेत्र के गांव पतेई काश्त निवासी राजेंद्र सिंह (35) शुक्रवार की सुबह पास के गांव पुशावली में अपनी भैंस को लेकर गर्भाधान कराने गया था। वहां से लौटते समय गांव चिंगरिया में आबादी के बाहरी छोर पर भैंस किसान से छूटकर खेत की ओर भागने लगी। गांव चिंगरिया निवासी महेश शर्मा के खेत में रास्ते की ओर तारकशी लगी हुई थी। किनारे पर लगे खंभे के सपोर्टिंग तार से तारकशी लगी हुई थी। खंभे का जंफर टूटकर सपोर्टिंग तार से लगा हुआ था। उसी से करंट खेत की तारकशी में आ था। किसान से छूटकर भागी भैंस तारकशी में जाकर करंट के संपर्क में आ गई। किसान ने सोचा कि भैंस तारों में फंस गई है, इस कारण आगे नहीं जा पा रही। किसान ने जाकर भैंस की जंजीर पकड़ ली। वह भी वही करंट की चपेट में आ गया। आसपास खेतों में काम कर रहे चिंगरिया निवासी अजयपाल, मनोज शोर मचाते हुए भागे। भैंस व किसान को चिपका देखकर उन्होंने बिजली विभाग को सूचना दी। इसके बाद बिजली आपूर्ति को बंद कराया। सूचना पर मृतक किसान के परिजन भी आ गए। ग्रामीण भी एकत्र हो गए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह घटना हुई है। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। सूचना पर गुन्नौर व जुनावई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।