कोरोना की दहशत: सहारनपुर में मिले एक परिवार के तीन लोग संक्रमित, चिकित्सा विभाग में मचा हड़कंप
सहारनपुर जिले में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं शहर के लोगों में कोरोना की तीसरी से दहशत बढ़ रही है।
विस्तार
सहारनपुर में माता और पिता के साथ आठ वर्षीय बच्चे की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। जिसके बाद से चिकित्सा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। संक्रमित आया परिवार शिवाजी नगर में शिक्षक के यहां किराये पर रहता है। ये वही शिक्षक हैं जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनके संपर्क में आने से किराएदार भी परिवार के साथ संक्रमित हो गया है।
नगर के एक पब्लिक स्कूल में तीन शिक्षक और 11वीं के दो छात्र संक्रमित मिले थे। चिकित्सा विभाग ने शिक्षकों और छात्रों के संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच आरटी-पीसीआर कराई है। मंगलवार को जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें तीन लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें आठ साल का बच्चा, उसकी मां और पिता शामिल हैं।
जनपद में इस बार अभी तक कुल 15 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। लगातार मिल रहे संक्रमितों ने प्रशासन और विभाग की चिंता बढ़ा दी है। नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि तीनों लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं। चूंकि वह संपर्क में आए थे ऐसे में उनकी जांच कराई गई है। मरीजों को दवा दी जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे जाएंगे। इसके अलावा बैरिकेडिंग आदि करने के लिए निगम को सूचना भेजी जा रही है, जिससे संक्रमण न फैले।
यह भी पढ़ें: टूट गए जिंदगी के वादे: जिनके साथ लिए सात फेरे, उन्हीं को उतारा मौत के घाट, खौफनाक हैं दो विवाहिता के मर्डर की कहानियां
वर्तमान में 12 एक्टिव मरीज
जनपद में तीसरी लहर में अभी तक 15 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से तीन मरीज पहले ही ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 12 एक्टिव मरीज हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो सभी 12 मरीज स्वस्थ हैं।
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव रिपोर्ट: चौंकाने वाला खुलासा, कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोग होने लगे जिंदा, पढ़िए क्या है पूरा मामला
लखनऊ में अटके चार नमूने
तीसरी लहर में मिले कोरोना संक्रमितों के सात नमूने यह जानने के लिए लखनऊ लैब भेजे गए हैं कि मरीजों में कोरोना का कौन सा वैरिएंट है? इनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है, जिनमें सामान्य कोरोना पाया गया है। शेष चार मरीजों की रिपोर्ट लखनऊ अटकी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ में प्रदेश भर से नमूने भेजे जाने की वजह से देरी हो रही है।