भयावह: हाईवे पर पलटा टैंकर, तेज धमाके के साथ विस्फोट, खौफनाक मंजर देख सहम गए लोग
सहारनपुर में हाईवे पर भयावह हादसा हो गया। यहां तेज धमाके के साथ टैंकर में विस्फोट हो गया। इस दौरान हाईवे पर खौफनाक मंजर देख लोगों की रूह कांप गए।
विस्तार
उत्तराखंड के विकासनगर में डीजल-पेट्रोल लेकर जा रहा टैंकर सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों के बीच घूम पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान पलट गया और उसमें आग लग गई। कुछ देर बाद धमाके के साथ टैंक में विस्फोट हो गया। इससे हाईवे से जा रहे लोग सहम गए।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। टैंकर में चालक व क्लीनर समेत तीन लोग सवार थे, जो पहले ही सुरक्षित बाहर निकल गए थे।
हादसा मंगलवार की शाम सवा छह बजे हुआ। एक टैंकर उत्तराखंड के विकासनगर में राजीव पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल लेकर जा रहा था। मिर्जापुर क्षेत्र में बादशाही बाग से आगे शिवालिक पहाड़ियों में हाईवे पर पड़ने वाले तीसरे घूम पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान टैंकर का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क पर पलट गया।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, असदुद्दीन ओवैसी और अनुराग ठाकुर समेत आज मेरठ में प्रचार करेंगे दिग्गज नेता
वहीं टैंकर में सवार पेट्रोल पंप के कर्मचारी रमेश ने बताया कि इस दौरान मौका पाकर वह, चालक और क्लीनर पहले ही टैंकर से कूद गए। पलटते ही टैंकर में आग लग गई और कुछ देर बाद तेज धमाके के साथ टैंक फट गया, जिससे हाईवे पर दूर तक डीजल-पेट्रोल फैलने से उसमें आग फैल गई।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला एक्सक्लूसिव : मानदेय रुका तो यूपी के इस जिले में ऑपरेटर ने रोक दिया पूरे गांव का पानी, 15 दिन से बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण
उधर, सूचना पर मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची। हाईवे पर आग के फैलने से दोनों तरफ जाम लग गया। पुलिस ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड बुलाई। वहीं घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।