सपा का बढ़ता कारवां: अखिलेश से मिले इमरान मसूद, नाराजगी हुई दूर, पढ़िए क्या है आगे की रणनीति
इमरान मसूद को लेकर फिर बड़ी खबर आ रही है। इमरान ने गुरुवार को लखनऊ मे अखिलेश यादव से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इमरान फिर से सपा में जा सकते हैं। हालांकि अभी उन्हें किसी सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है।
विस्तार
इमरान मसूद ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा को ही समर्थन देने की बात कही। इस मुलाकात के बाद इमरान की नाराजगी भी दूर हो गई है।
सपा हाईकमान ने हालांकि अभी उनके टिकट की कोई घोषणा नहीं की, जबकि इमरान के करीबी डॉ. रागिब अंजुम को सहारनपुर का नया जिलाध्यक्ष बनाया है। इतना ही नहीं हाल में ही इमरान के साथ सपा में शामिल हुए उनके समर्थक विवेककांत को भी सुरक्षित रामपुर मनिहारान सीट से सपा-रालोद गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया है। सपा प्रमुख के साथ हुई इस मुलाकात के बाद इमरान के सपा छोड़ कर अन्य पार्टी में जाने की अटकलों पर विराम लग गया है।
यह भी पढ़ें: जयंत के सामने बड़ा संकट: रालोद के टिकट पर दिल्ली से सिवालखास तक भूचाल, पार्टी के झंडे में लगाई आग, खूब हो रहा विरोध, देखें तस्वीरें
बीते दस दिनों से इमरान मसूद को लेकर सियासी गलियारों में कई चर्चाएं चल रही थीं। उनके सपा में शामिल होने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें कोई तवज्जो नहीं दी। इमरान बेहट से अपना और देहात सीट से मसूद अख्तर के टिकट की मांग कर रहे थे। सपा हाईकमान ने उनकी मांग को अनदेखा कर इन सीटों पर अपने प्रत्याशी भी तय कर दिए और उनको चुनाव चिन्ह भी दे दिए। जिस पर इमरान मसूद के सपा छोड़ कर बसपा में जाने की अटकलें भी शुरू हो गई थीं। बीते पांच दिनों से इमरान ने भी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया था।
वहीं गुरुवार को उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। जिसके बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया। इस मुलाकात से यह तय हो गया है कि वो सपा में ही रहेंगे। हालांकि अभी उनके चुनाव लड़ने की तस्वीर साफ नहीं हुई है, जबकि चर्चा है कि देहात सीट से सपा टिकट बदल सकती है। इस भेंट के बाद सपा हाईकमान ने जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंप कर उनके स्थान पर इमरान मसूद के करीबी डॉ. रागिब अंजुम को जिलाध्यक्ष बना दिया।
इसके अलावा उनके समर्थक विवेककांत को भी रामपुर मनिहारान सीट से गठबंधन का प्रत्याशी बनाया है। इससे माना जा रहा है कि अब इमरान की नाराजगी दूर हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर पर समाजवादी पार्टी का बढ़ता कारवां, ट्वीट कर इमरान मसूद के साथ फोटो जारी किया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: रालोद प्रत्याशी के विरोध में जयंत के दिल्ली आवास पर प्रदर्शन, समर्थकों ने कहा डाली ऐसी बात, विचार करने पर मजबूर हुए चौधरी
मसूद अख्तर को नहीं ले गए साथ
इमरान मसूद देहात सीट से निवर्तमान विधायक मसूद अख्तर को अपने साथ लखनऊ नहीं ले गए। मसूद अख्तर ने बताया कि इमरान के लखनऊ में अखिलेश के साथ मुलाकात की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया से मिली है। इमरान ने यह कहा था तुम कांग्रेस से लड़ने की तैयारी करो, मैं बसपा से प्रयास कर रहा हूं। मसूद ने बताया कि मैं अभी सपा में ही हूं।