Saharanpur: 40 दिन में 3550 किलोमीटर दौड़े अभि कौशिक, कश्मीर से कन्या कुमारी तक लोगों को किया जागरूक
Saharanpur News : अभि कौशिक ने 40 दिन में कश्मीर से कन्या कुमारी तक 3550 किलोमीटर दौड़ लगाकर लोगों को जागरूक किया।
विस्तार
पर्यावरण के प्रति प्रेम ने अभि कौशिक के हौसले, जज्बे और पैरों को ऐसे पंख लगाए कि वह कश्मीर से कन्या कुमारी तक दौड़ लगाकर देशवासियों को जागरूक करने निकल पड़ा। एक जनवरी को कश्मीर से आरंभ हुई उसकी पर्यावरण संरक्षण संदेश मैराथन यात्रा बृहस्पतिवार को कन्या कुमारी पहुंचकर संपन्न हुई।
सहारनपुर में गंगोह के मोहल्ला छत्ता निवासी शिक्षक अशोक कुमार के 23 वर्षीय पुत्र अभि कौशिक बचपन से ही पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर बेहद सजग रहते थे। वह अपने आसपास के क्षेत्र वासियों को भी इसके लिए लगातार जागरूक करते थे लेकिन उन्हें लगता था कि केवल इतना काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कश्मीर से कन्या कुमारी तक मैराथन दौड़ लगाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। लक्ष्य बड़ा था और इसके लिए काफी रकम की भी जरूरत थी। अभि ने अपने पिता को बताया तो उन्होंने भी उसको प्रोत्साहित किया। पिता ने गांव सांगाठेड़ा में स्थित जमीन पर बैंक से लोन ले लिया। इसके अलावा अन्य मित्रों एवं अन्य लोगों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया तो अभि ने अपने मकसद को अंजाम तक पहुंचाने के लिए जी तोड़ मेहनत शुरू कर दी। उसने कई महीने दौड़ का अभ्यास किया और एक जनवरी को जम्मू के भारत माता चौक पहुंचकर वहां से जागरुकता मैराथन आरंभ कर दी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS : अर्जेंटीना से हस्तिनापुर पहुंचा पर्यटक सैलानियों का ग्रुप, इतिहास जानकर बोले- इंडिया इज द ग्रेट
बताया गया कि लगातार 40 दिन तक लगभग 3550 किलोमीटर दौड़ते हुए अनेक राज्यों से होते हुए वह नौ फरवरी को कन्या कुमारी पहुंच गए। रास्ते में उन्होंने नागरिकों को अधिकाधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने, पर्यावरण की रक्षा करने और रक्तदान करने के लिए जागरूक किया। कन्याकुमारी पहुंचने पर वहां अनेक लोगों ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: दुल्हन के दरवाजे पर हो रहा था डांस: अचानक मातम में बदली शादी की खुशियां, दूल्हे के भाई समेत तीन की मौत
वहीं उनकी यात्रा की सफलता पर सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक कीरत सिंह, युवा ब्राह्मण समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कौशिक, आशीष प्रधान बांसदेई, कार्तिक पंडित, व्यापारी नेता मोल्हड़मल गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष दीपक गर्ग, भाजयुमो अध्यक्ष शशांक गोयल, गगन गर्ग, मनोज गोयल, सभासद दीपांशु गोयल, किशोर पटवा, अमित गर्ग, उमंग गर्ग आदि ने शुभकामनाएं दीं।