सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के वक्ताओं ने सरकार पर गलत नीतियां लागू करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए।
विकास भवन परिसर में आयोजित बैठक में महासंघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने कहा कि सरकार ने लीव ट्रैवल कंसेशन (एलटीसी) के रूप में दस हजार रुपये देने की घोषणा की, जिसका महासंघ विरोध करता है। उन्होंने कहा कि एलटीसी देने के बजाए सरकार को पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जो कर्मचारियों के हित में है। जिला मंत्री दानिश सिद्दीकी ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रिक्त चल रहे पदों पर जल्द भर्ती की जाए, जो कर्मचारी संविदा पर कार्य कर रहे हैं, उनको नियमित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर मांगे पूरी न की तो राज्य कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। राज्य कर्मचारियों की अनदेखी को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें मुकेश कुमार त्यागी, मनमोहन सिंह, राकेश कुमार शर्मा, फरहत अली, जितेंद्र कुमार, कैलाश, आशु, देवेंद्र कुमार आदि रहे।