Saharanpur: मिर्जापुर क्षेत्र में रजबहे से युवती का शव मिला, पहचान कराने में जुटी पुलिस
सहारनपुर के मिर्जापुर कोतवाली क्षेत्र के गांव नौगांवा के पास रजबहे में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विस्तार
सहारनपुर जिले के मिर्जापुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव नौगांवा के पास रजबहे में एक युवती का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: Ganga E-way Launch: 594 KM एक्सप्रेसवे का PM मोदी कल करेंगे उद्घाटन, मेरठ-प्रयागराज का सफर होगा सुपरफास्ट
पुलिस के अनुसार मृत युवती की उम्र करीब 22 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। युवती ने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात मयंक पाठक और सीओ बेहट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए।
कई सवाल खड़े कर रहा मामला
युवती का शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। युवती की पहचान क्या है, वह इस स्थान तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।