UP: टूटा गमों का पहाड़, दो सगे भाइयों की मौत से मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
Saharanpur Accident News : सहारनपुर में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। दो सगे भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के नकुड़ क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए दूसरे भाई की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। दो बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
विगत तीन फरवरी की शाम को गांव जुड्डी निवासी दो सगे भाई अक्षय उर्फ नीकू व आशीष पुत्र चरणसिंह नकुड़ स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने के बाद स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह नकुड़-शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसमें दोनों भाई गंभीर घायल हो गये थे।
वहीं राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया था। वहां से चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ ले गए थे। वहां चार फरवरी की दोपहर को बड़े भाई अक्षय उर्फ नीकू (21) की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि आशीष की हालत चिंताजनक बनी हुई थी। उसका वहीं पर उपचार चल रहा था।
यह भी पढ़ें: UP: मदनी के बयान से आक्रोश, स्वामी यशवीर महाराज बोले- देवबंद के लिए करेंगे कूच, मौलाना से मांगेंगे जवाब
बताया गया था कि हादसे में आशीष की रीढ़ की हड्डी टूटने के साथ ही अन्य गंभीर चोटें आईं थीं। आशीष तभी से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। शुक्रवार की देर रात आशीष (19) ने भी दम तोड़ दिया। पंद्रह दिन के भीतर दो जवान बेटों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में हादसों का कहर: एक दिन में छह लोगों की मौत, हर तरफ मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया गया कि मृतक दोनों भाई अविवाहित थे। चरण सिंह के तीन पुत्र अजय, अक्षय व आशीष और एक पुत्री सोनाक्षी थी। दो भाइयों की मौत के बाद बड़ा भाई अजय व बहन सोनाक्षी रह गए हैं।