Saharanpur: बरातियों के साथ जमकर मारपीट, कार में तोड़फोड़, महिला समेत तीन लोग घायल, ये था मामला
Saharanpur News : वाहनों में टक्कर होने के बाद बरातियों के साथ जमकर मारपीट की गई। यही नहीं उनकी कार में तोड़फोड़ भी की गई। मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के देवबंद में हादसे के बाद मारपीट हो गई। बताया गया कि जखवाला गांव से लौट रही बरात की कार बराबर से गुजर रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। जिसको लेकर दोनों वाहन चालकों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दंपती और उनका बेटा घायल हो गए। पिकअप चालक ने साथियों के साथ मिलकर कार में तोड़फोड़ भी की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
ये है पूरा मामला
रविवार की रात्रि उत्तराखंड के लक्सर निवासी राजू कुमार की बरात क्षेत्र के जखवाला गांव में संदीप कुमार के यहां आई थी। देर रात्रि बरात वापस लौट रही थी। बरात की गाडियां जब नगर के भायला रेलवे फाटक के समीप पहुंची तो एक कार बराबर से गुजर रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। जिसको लेकर दोनों वाहन चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में बरात में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लाडवा गांव निवासी इकबाल सिंह, उनकी पत्नी आरती और बेटा लितेश घायल हो गए।
आरोप है कि पिकअप चालक ने फोन कर अपने कई साथियों को भी बुला लिया। जिन्होंने उनकी कार में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं हमलावरों ने एक महिला के गले से सोने की चैन और उसका पर्स भी छीन लिया। पर्स में हजारों रुपये की नकदी रखी थी। इस दौरान हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पिकअप वाहन चालक सहित उसके साथी मौके से फरार होने लगे। लेकिन पुलिस ने तीन युवकों को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: बेटा-बेटी एकसाथ बने दरोगा तो गर्व से चौड़ा हुआ किसान का सीना, भाई-बहन ने पिता को किया सैल्यूट
इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि मारपीट के आरोपी थाना नागल के शिवपुर निवासी युवक रोहित, राहुल और अनिकेत को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: फेसबुक पर लाइव आईं अर्चना गौतम, प्रियंका गांधी के सलाहकार को बड़ी चुनौती, बोलीं- करवाकर दिखाओ मुझे अरेस्ट
पहले नहर में गिरी बरात की कार
लक्सर से जखवाला जो बरात आ रही थी। उसमें शामिल एक कार रात्रि में ही अंबहेटा शेखा मोड पर नहर में गिर गई। गनीमत रही कि कार को नहर में गिरते लोगों ने देख लिया और तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी। वहां इकट्ठा हुए लोगों ने कार में फंसे तीन लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया था। बाद में पुलिस ने क्रेन मंगाकर कार को बाहर निकलवाया।