UP: महिलाओं के वेश में करते थे लूटपाट, दबोचे गए पांच बदमाश, हाईवे पर ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
Saharanpur News : महिलाओं के वेश में लूटपाट करने वाले पांच बदमाश दबोचे गए। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि कैसे वारदात को अंजाम देते थे।
विस्तार
सहारनपुर में महिलाओं के वेश में राहगीरों से लूटपाट करने वाले पांच बदमाशों को थाना नागल पुलिस ने वारदात के चार घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से हथियार, वाहन और लूट का सामान बरामद हुआ है।
एसपी देहात सूरज राय ने बताया कि शुक्रवार की रात थाना नागल क्षेत्र में पांच बदमाशों ने महिलाओं के वेश में एक पिकअप वाहन चालक को रोका और हथियारों के बल पर लूटपाट की।
उधर, पता लगते ही पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर नेशनल हाईवे पर कपासा के पास अमित निवासी मइताहरपुर, ओमकार निवासी पंजाबी बाग कोतवाली सदर बाजार, अर्जुन निवासी गांव हरैटी, अय्यूब निवासी गांव सड़क दूधली, श्याम लाल निवासी आरटीएस जुगली मंडी थाना जनकपुरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया है।
इनके पास से लूट के 3900 रुपये, एक तमंचा, दो कारतूस, दो चाकू, सौंदर्य प्रसाधन के सामान से भरा एक बैग, एक बुलेट मोटर साइकिल और एक स्कूटी बरामद की है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: एकतरफा प्यार में वारदात, आखिर दबोचा गया आईटीआई का छात्र, अब पूछताछ में उगलेगा पूरा सच
मदद मांगने के बहाने से रोकते थे
आरोपी रात के समय महिलाओं के वेश में सड़क पर खड़े हो जाते थे और मदद मांगने के बहाने वाहन चालकों को रोकते थे। इसके बाद हथियारों के बल पर वाहनों में सवार लोगों से लूटपाट करते थे। आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पुलिस पता लगा रही है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: बिजनौर में बड़ी कार्रवाई, खड़ी फसल पर चला ट्रैक्टर, 25 बीघा जमीन को कराया कब्जा मुक्त
लगेगी गैंगस्टर
एसपी देहात सूरज राय ने बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर आपराधिक वारदात कर रहे थे। जल्द इन पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनका पुलिस पता लगा रही है।