Saharanpur: रोडवेज कर्मियों ने डिपो में खींचकर कार सवार बाप-बेटों को पीटा, वीडियो वायरल
छुटमलपुर में बस की कार से रगड़ लगने का विरोध करने पर रोडवेज कर्मियों ने बाप और उसके दो बेटों को डिपो में खींचकर पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तीनों घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में कार में रोडवेज बस की साइड लगने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रोडवेज कर्मचारियों ने कार सवार बाप और उसके दो बेटों को जबरन डिपो परिसर में खींचकर गेट बंद कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
डिपो में बंद कर की गई मारपीट
छुटमलपुर निवासी सोनू सैनी अपने बेटों हर्ष और मुकुल सैनी के साथ पंजाबी मार्केट में खरीदारी करने गए थे। उन्होंने शनिदेव मंदिर के पास कार खड़ी की थी। इसी दौरान एक रोडवेज बस ने कार में साइड मार दी। आरोप है कि जब सोनू सैनी ने इसका विरोध किया तो बस चालक और परिचालक भड़क गए और तीनों को जबरन रोडवेज डिपो के अंदर ले जाकर गेट बंद कर पीटना शुरू कर दिया।
बाजार के लोगों ने छुड़ाया, अस्पताल में भर्ती
तीनों की चीख-पुकार सुनकर बाजार के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें रोडवेज कर्मचारियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल पिता-पुत्रों को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रोडवेज कर्मियों की दबंगई साफ नजर आ रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता विकास गुप्ता, संदीप रोहिला, कर्म सिंह सैनी और दीपक भोरवाल अस्पताल पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रोडवेज कर्मचारी बसों को सड़क पर खड़ी कर अतिक्रमण करते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में रोडवेज कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।