Saharanpur: मुस्लिमों ने रोकी दलित युवक की घुड़चढ़ी, पुलिस ने संभाली स्थिति, फिर ऐसे बनी बात
चिलकाना थानाक्षेत्र में अनुसूचित समाज की बरात की घुड़चढ़ी में शामिल डीजे पर आपत्ति जताते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने मोहल्ले से निकालने से मना कर दिया।
विस्तार
चिलकाना थानाक्षेत्र में अनुसूचित समाज की बरात की घुड़चढ़ी में शामिल डीजे पर आपत्ति जताते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने मोहल्ले से निकालने से मना कर दिया। पता चलने पर हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने मौके पर हंगामा किया। मामला बिगड़ता देख एएसपी ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों से वार्ता कर सहमति के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बिना डीजे घुड़चढ़ी संपन्न कराई।
गांव टोडरपुर में राजेंद्र की बेटी भारती की बरात बेहट के गांव पठानपुरा से आई थी। दूल्हे पक्ष ने डीजे के साथ घुड़चड़ी शुरू की। घुड़चढ़ी जैसे ही मुस्लिम समाज की गली के पास पहुंची, तो उन्होंने डीजे के साथ घुड़चढ़ी को अपनी गली से निकलने से रोकते हुए वापस कर दिया। इसकी खबर मिलते ही हिंदू संगठन कार्यकर्ता और अनुसूचित समाज के युवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा शुरु कर किया।
यह भी पढ़ें: Shamli: युवती के परिजनों की पिटाई से क्षुब्ध युवक ने जहर खाकर किया आत्महत्या प्रयास, हालत गंभीर
सूचना पर एएसपी विवेक तिवारी पुलिस बल लेकर पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों से बात की। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना था कि रोजा खुलने का समय होने वाला था, जिस कारण डीजे से मना किया था।
हालांकि सहमति बनने पर उसी रास्ते से बिना डीजे के घुड़चड़ी भारी फोर्स के बीच संपन्न कराई गई। इस दौरान बजरंग दल के ब्लॉक प्रमुख हरीश कौशिक, भीम आर्मी जय भीम के जिलाध्यक्ष सन्नी वालिया, आयुष महाराज, सैनी संगठन के जिला सचिव सचिन रामदेव सैनी, प्रवीण कुमार, सौरभ, विशाल चौहान आदि मौजूद रहे।
एक गली से बरात निकालने को लेकर थोड़े विवाद की स्थिति बनी थी, जिसके मौके पर पहुंचकर सुलझा दिया गया। उस समय रोजा खाेलने का भी समय हो गया था, जिस कारण दोनों पक्षों की आपसी सहमति से बरात को बिना डीजे गंतव्य तक ले जाया गया। -विवेक तिवारी, एएसपी