Saharanpur: खनिज सामग्री से भरा डंपर पलटा, सुलभ शौचालय ध्वस्त, यातायात रहा बाधित
छुटमलपुर के सुंदरपुर-शाकंभरी देवी मार्ग पर कुरडीखेड़ा गांव के पास खनिज सामग्री से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित सुलभ शौचालय ध्वस्त हो गया, चालक सुरक्षित रहे।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में सुंदरपुर-शाकंभरी देवी मार्ग पर कुरडीखेड़ा गांव के बस स्टैंड के पास गुरुवार तड़के खनिज सामग्री से भरा एक डंपर मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ग्राम पंचायत द्वारा बनाया गया सुलभ शौचालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
तड़के हुआ हादसा, बड़ा नुकसान टला
हादसा बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे हुआ। डंपर का केवल पिछला हिस्सा पलटने के कारण चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। गनीमत रही कि घटना दिन के समय नहीं हुई, अन्यथा यहां मौजूद भीड़ के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: सीजन का तीसरा सबसे ठंडा दिन रहा बुधवार, 15 डिग्री रहा पारा, शीतलहर से कांपा शहर
यातायात रहा बाधित
डंपर पलटने से मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खनिज सामग्री व डंपर को हटवाने का काम शुरू कराया।
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी वजह
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह मोड़ पर डंपर की तेज रफ्तार मानी जा रही है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद खनिज परिवहन में लगे चालक ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
पुराने हादसे की दिलाई याद
इस घटना ने नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के सोना सैयद माजरा अंडरपास पर हुए उस दर्दनाक हादसे की याद दिला दी, जिसमें खनिज सामग्री से भरा डंपर पलटने से कार सवार सात लोगों की मौत हो गई थी।