UP: डिप्टी सीएम बोले- फिर बनेगी मोदी सरकार, जीतेंगे 370 सीटें, दावा- कई राज्यों में गठबंधन का नहीं खुलेगा खाता
Mission 2024 : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा यूपी की सभी 80 सीटें सहित देश में 370 सीटें जीतेगी। उन्होंने दावा किया कि कई प्रदेशों में इंडिया गठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा।
विस्तार
सहारनपुर के गंगोह में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों सहित भाजपा देश में 370 सीटें जीतेगी। गरीब कल्याण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, महिलाओं के सशक्तीकरण और किसानों को शक्तिशाली बनाने के लिए काम होंगे। देश मजबूती से आगे बढ़ेगा।
उप-मुख्यमंत्री ने जीत का लक्ष्य पाने को हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं को मोदी, नड्डा, योगी और केशव प्रसाद मौर्य मानकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को गंगोह स्थित नवीन अनाज मंडी में योगी जोगी नाथ समाज की स्वाभिमान रैली को वर्चुअल रूप से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो लोग राजनीतिक एवं सामाजिक हिस्सेदारी से छूट गए हैं, उन्हें भी भाजपा उचित सम्मान देगी। 2024 का वातावरण पूरी तरह बदला हुआ है। प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के अंदर मोदी, कमल और प्रभु श्रीराम की लहर है।
उप-मुख्यमंत्री ने अपने 20 मिनट के संबोधन में कहा कि भाजपा विरोधी इंडिया गठबंधन का प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में कोई पूछने वाला नहीं है। दावा किया कि कई प्रदेशों में तो उनका खाता तक भी नहीं खुलेगा। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गरीब, युवाओं, महिलाओं और किसानों को ही देश में चार जातियां मानते है। उनके लिए इन्ही चार जातियों में 140 करोड़ लोग समाहित हो जाते हैं।
अचानक रद्द हुआ उप-मुख्यमंत्री का दौरा
उप-मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से पहुंचना था, लेकिन पार्टी कार्य के चलते उनका दौरा अचानक रद्द हो गया। मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने की सूचना पर आयोजकों में मायूसी छा गई। आयोजक कैप्टन सुभाष योगी भावुक होकर रोने लगे। इसके बाद उन्हें उप-मुख्यमंत्री के वर्चुअल रूप से संबोधित करने की जानकारी मिली, जिसके बाद आनन-फानन में प्रोजेक्टर आदि की व्यवस्था मंच पर की गई। उन्होंने आयोजकों एवं उपस्थित लोगों को ना आने की वजह बताते हुए क्षमा मांगी और चुनावों के बाद आने का वादा किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, हिमाचल से आए विधायक हंसराज जोगी, नकुड विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व एमएलसी डॉ. लोकेश त्यागी, पूर्व विधायक महीपाल माजरा, जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी, कैप्टन सुभाष योगी आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर प्रमोद अट्टा, विकास योगी, भूपेंद्र चौधरी, महावीर जोगी, राकेश आर्य, संजय कम्हेडा, विकास चौधरी आदि मौजूद रहे। वहीं, आयोजकों ने रैली में आ रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रोकने का आरोप लगाते विरोध जताया।
यूपी पुलिस परीक्षा के परीक्षार्थियों ने किया प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में यूपी पुलिस परीक्षा के परीक्षार्थी कार्यक्रम में पहुंच गए और उन्होंने अपने हाथों में उक्त परीक्षा को पुनः कराने के पोस्टर लेकर प्रदर्शन नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया।
यह भी पढ़ें: किसानों की महापंचायत: राकेश टिकैत बोले- सरकार ने दिल्ली जाने से रोका, हम 2024 में आने से रोकेंगे
हेलीकॉप्टर को देख फैल गई थी अफवाह
रैली 11 बजे शुरू होनी थी। 10:20 बजे एक हेलीकॉप्टर ने सभा स्थल पर बेहद नीची उड़ान भरी थी। इसे लेकर अफवाह फैली कि उप-मुख्यमंत्री ने भीड़ का अवलोकन कराया है और इसी कारण उन्होंने अपना दौरा रद्द किया है। हालांकि, इसके बाद जोगी नाथ समाज के लोग जत्थों में वहां पहुंचना शुरू हुए। बाद में पता चला कि वह हेलीकॉप्टर सरसावा एयरपोर्ट का था, जो सुरक्षा के लिहाज से निगरानी कर रख रहा था।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: अखिलेश ने कैराना सीट पर चला ये दांव, इकरा को टिकट मिलने पर बदले समीकरण, होगा कांटे का मुकाबला