दिवाली की रात आतिशबाजी का असर सोमवार तड़के दिल्ली की हवा पर साफ दिखाई दिया। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:20 बजे आईटीओ का एक्यूआई 406 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में है। वहीं, शहर के कई अन्य इलाकों में हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रही।
दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा जहरीली: एक्यूआई 400 पार, पीएम 2.5 डब्ल्यूएचओ सीमा से 51 गुना अधिक
दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का महाविस्फोट हुआ है, जिससे हवा जहरीली हो गई है। पूरा क्षेत्र गैस चैंबर बन गया है और लोगों को सांस लेने में मुश्किल हो रही है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम की हवा भी बेहद खराब है।
दिवाली की रात और अगले दिन कितना एक्यूआई?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सोमवार सुबह रिंग रोड पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 370, डीएनडी फ्लाईओवर पर 338, आरके पुरम में 364 और मयूर विहार में 337 दर्ज किया गया। ये सभी क्षेत्र 'बहुत खराब' श्रेणी में आते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 293 रहा, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के रात एक बजे के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में 413, आनंद विहार में 352, अशोक विहार 340, आया नगर 352, बदरपुर 354, बवाना 434, चांदनी चौक 430, डीटीयू 430, द्वारका सेक्टर-8 में 393 एक्यूआई दर्ज किया गया। वही, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 323, आईटीओ 407, जहांगीरपुरी 447, लोधी रोड 362, मुंडका 405, ओखला फेज-2 में 364, पटपड़गंज में 421, पंजाबी बाग 416, रोहिणी 442, विवेक विहार 442, नरेली 392, नॉर्थ कैंपस 445 एक्यूआई दर्ज किया गया।
एनसीआर के शहरों में एक्यूआई का स्तर
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सेक्टर-62 शहर का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां सुबह नौ बजे तक एक्यूआई 427 दर्ज किया गया। वहीं नोएडा के सेक्टर 110 में रात एक बजे 321, सेक्टर 116 में 292, सेक्टर 125 में 296, सेक्टर 150 में 315, सेक्टर-1 में 301, सेक्टर 39 में 301, सेक्टर 62 में 445 एक्यूआई दर्ज किया गया। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद में भी हवा की हालत खराब है। गोविंदपुरम में 342, इंदिरापुरम में 317, लोनी में 390 , संजय नगर में 287, वसुंधरा में 300 और वेव सिटी में 378 एक्यूआई दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह तीन बजे के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुग्राम के एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में हाल ही में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 232 दर्ज किया गया। सेक्टर 51 में 263, टेरी ग्राम में 372, विकास सदन में 344 एक्यूआई दर्ज किया गया।
दिवाली के बाद भी प्रदूषण से राहत नहीं, बल्लभगढ़ का एक्यूआई 350 के करीब
जिले में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। दिवाली की शाम बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 दर्ज किया गया था। इसके बाद भी शहर की हवा में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। सोमवार को भी बल्लभगढ़ का एक्यूआई 350 के करीब बना हुआ है। हवा की खराब गुणवत्ता के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है।
सफदरजंग में 50 मीटर, पालम में 400 मीटर दृश्यता
आईएमडी के मुताबिक, सोमवार सुबह 6:30 बजे सफदरजंग में दृश्यता 50 मीटर रही, जबकि पालम में यह 400 मीटर दर्ज की गई। सफदरजंग में दृश्यता एक दिन पहले के मुकाबले 650 मीटर और पालम में 400 मीटर कम हुई। सफदरजंग में रात 10:30 बजे से दृश्यता एक हजार मीटर से नीचे बनी हुई थी। वहीं, पालम में आधी रात से दृश्यता एक हजार मीटर से कम दर्ज की गई।
शांत हवाओं के बीच बढ़ा कोहरे का असर
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में हवा शांत रही, जबकि पालम में हवा की दिशा बदलती रही और गति करीब दो नॉट दर्ज की गई। आईएमडी के मानकों के अनुसार, 500 से 999 मीटर दृश्यता को हल्का, 200 से 499 मीटर को मध्यम और 50 से 199 मीटर को घना कोहरा माना जाता है। 50 मीटर से कम दृश्यता होने पर बहुत घना कोहरा दर्ज किया जाता है।