UP: देवबंद में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय- झूठे वादों से जनता को भ्रमित कर चुनाव जीतना भाजपा की आदत
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से शुरू की गई यूपी जोड़ो यात्रा नानौता, बड़गांव, देवबंद और गोपाली होते हुए पुरकाजी के लिए रवाना हुई। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा को निशाना बनाया, बोले, इस लोकसभा चुनाव में भाजपा बाहर होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा गुरुवार को गंगोह से बड़गांव होते हुए देवबंद पहुंची। देवबंद में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा झूठे वादों के सहारे जनता को भ्रमित कर सत्ता में आई है। यह भाजपा की आदत में शुमार है। चुनाव में जीत के बाद जनता से किए वादों को भूल गई।
रशीदिया मस्जिद के समीप वरिष्ठ कांग्रेसी नेता साद सिद्दीकी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे अजय राय ने कहा कि भाजपा के सभी वादें हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। पांच राज्यों में हुए चुनाव में भाजपा ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में गैस सिलिंडर के दाम कम करने का वादा जनता से किया था, लेकिन अब उससे वह मुकर गई।
कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा और जनता से धोखा कर सत्ता पर बैठने वाली भाजपा को बाहर करने का काम करेगा। देवबंद पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय समेत पदाधिकारियों ने यात्रा की सफलता के लिए देवीकुंड स्थित श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी शक्तिपीठ में माता के दर्शन कर मत्था टेका।
मौलाना अरशद मदनी से मिले प्रदेश अध्यक्ष
देवबंद। यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बुधवार को मौलाना मदनी की छोटी बहन के निधन होने पर गहरा शोक जताया। करीब 20 मिनट वहां रुकने के बाद दोनों नेता यात्रा को लेकर आगे बढ़ गए। इस दौरान मुफ्ती याद इलाही कासमी, फैजी सिद्दीकी, तंजीम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों के साथ हुई नोकझोंक
देवबंद। कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा जब खानकाह पुलिस चौकी के सामने से होकर गुजरनी लगी तो वहां ड्यूटी पर खड़े पुलिसकर्मियों ने यात्रा में शामिल कारों को काफी देर तक रोककर रखा, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई। कार चालक बार-बार कहते रहे कि यह यात्रा में शामिल कार है। एक कार चालक से तो पुलिसकर्मी बहस करने लगा। सिपाही ने यहां तक कह दिया कि कुछ समय में सारी हेकड़ी निकल जाएगी।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
बड़गांव। दोपहर करीब सवा बजे यूपी जोड़ो यात्रा बड़गांव में पहुंची। यहां महाराणा प्रताप चौक पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा महाराणा प्रताप देश की आन-बान और शान है। ऐसे महापुरुषों की जीवन संघर्ष बदलते हुए सामाजिक परिवेश को उत्साहित करता है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री शायन मसूद, नौमान मसूद, हमजा मसूद के अलावा पूर्व चेयरमैन रामपुर मनिहारन विवेकान्त, काजी बासित, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिन शर्मा, उपाध्यक्ष ज़ुबैर गाड़ा, अफजाल एडवोकेट,नानौता ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र राणा, आबिद हसन, राव जहांगीर प्रधान, सिरसली प्रधान मौहम्मद अनवर आदि मौजूद रहे।
यूपी जोड़ो यात्रा के नानौता पहुंचने पर गंगोह रोड स्थित बैंकट हॉल पर कांग्रेस नेता मियां बबलू जैदी व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुके किसान, मजदूर, व्यापारी, आम नागरिक महिला शक्ति आदि को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उत्साहित कार्यकर्ताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी व कांग्रेस के जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
यह रहा यात्रा का रूट
यूपी जोड़ो यात्रा की शुरूआत बुधवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना के बाद हुई थी। रात्रि ठहराव गंगोह के एक निजी स्कूल में था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे यात्रा वहां से रवाना होकर नानौता, बड़गांव और फिर देवबंद पहुंची। देवबंद के मोहल्ला खानकाह, दारुल उलूम चौक, बड़जियाउलहक, तलहेड़ी चुंगी, मंगलौर बस स्टैंड और बरला बस स्टैंड होते हुए शाम करीब छह बजे गोपाली गांव पहुंची। यहां पर भीड़ को संबोधित करने के बाद यात्रा मुजफ्फरनगर के पुरकाजी के लिए रवाना हो गई थी।