Saharanpur: जंगल में मिला 11 वर्षीय प्रियांशु का शव, जंगली कुत्तों के हमले की आशंका
सहारनपुर के नागल क्षेत्र के बेलडा जुनारदार गांव में जंगल गए 11 वर्षीय प्रियांशु का शव मिला। आशंका है कि जंगली कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
विस्तार
सहारनपुर के नागल क्षेत्र में शुक्रवार शाम जंगल गए 11 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेलडा जुनारदार गांव निवासी प्रियांशु उर्फ गुल्लू देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव जंगल में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर आशंका जताई जा रही है कि जंगली कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शाम को जंगल गया था प्रियांशु, देर रात तक नहीं लौटा
नागल क्षेत्र के गांव बेलडा जुनारदार निवासी रविंद्र का 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु उर्फ गुल्लू शुक्रवार शाम जंगल गया था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों को साथ लेकर जंगल में खोजबीन शुरू की गई।
जंगल में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला शव
तलाश के दौरान प्रियांशु का शव जंगल में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। बालक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में जंगली कुत्तों के झुंड ने बालक पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।