Saharanpur: गिरफ्तारी के डर से गैर हाजिर हुए इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय, हवालात में युवक की मौत का है मामला
Saharanpur News : एसएसपी ने बताया कि पिछले करीब तीन-चार दिन से इंस्पेक्टर बिना सूचना दिए गैर हाजिर चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पत्र मिला है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विस्तार
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली की हवालात में युवक की मौत के मामले में सहारनपुर पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय को आरोपी बनाया गया है। मिथलेश उपाध्याय 2020 में खुर्जा कोतवाली में तैनात थे। उस समय वहां पर कनैनी निवासी सोनू उर्फ सोमदत्त की हवालात में मौत हो गई थी। हाल ही में सीबीसीआईडी की जांच में इंस्पेक्टर समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया है। साथ ही सहारनपुर एसएसपी को भी इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के लिए पत्र भेजा गया है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय करीब एक साल से सहारनपुर में कार्यरत है। उन्हें पहले सोशल मीडिया सेल की जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल वह पुलिस लाइन में तैनात हैं।
एसएसपी ने बताया कि पिछले करीब तीन-चार दिन से इंस्पेक्टर बिना सूचना दिए गैर हाजिर चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पत्र मिला है। इंस्पेक्टर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
उधर, चर्चा है कि सीबीसीआईडी की तरफ से युवक की मौत के मामले में आरोपी बनाए जाने के बाद से ही इंस्पेक्टर गैर हाजिर है। यह भी चर्चा है कि वह गिरफ्तारी के डर की वजह से गैर हाजिर है।
यह भी पढ़ें: Murder: मेरठ में हिस्ट्रीशीटर की ईंट से पीट-पीटकर हत्या, शव सड़क किनारे फेंका, कई मुकदमे हैं दर्ज
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने एफआर लगा दी थी, लेकिन परिजनों की तरफ से अदालत में गुहार लगाई थी। जिसके बाद मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई थी।
यह भी पढ़ें: UP: सीबीआई ने सेनेटरी इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, दो महीने से पीछे लगी थी टीम, खुले ये बड़े राज