{"_id":"64ce86c6266d52776b086504","slug":"indoor-swimming-pool-will-be-built-at-a-cost-of-four-crores-saharanpur-news-c-30-1-smrt1053-7216-2023-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Saharanpur News: इंडोर होगा चार करोड़ की लागत से बन रहा स्वीमिंग पूल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Saharanpur News: इंडोर होगा चार करोड़ की लागत से बन रहा स्वीमिंग पूल
विज्ञापन
विज्ञापन
-स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पुराने की जगह बन रहा नया स्वीमिंग पूल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा स्वीमिंग पूल इंडोर होगा। यह स्वीमिंग पूल राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था को स्वीमिंग पूल तैयार करने के लिए चार महीने का समय दिया गया है। यानी यह सितंबर 2023 तक तैयार हो जाएगा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्टेडियम में करीब 20 कराेड़ रुपये की खेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें बड़ी परियोजनाओं में स्वीमिंग पूल भी शामिल है। हालांकि स्टेडियम में स्वीमिंग पूल पहले से है, लेकिन वह पुराना और छोटे स्तर का था, जिसका इस्तेमाल केवल प्रशिक्षण के लिए किया जाता था, लेकिन लंबे समय से प्रशिक्षक नहीं होने के कारण उक्त स्वीमिंग पूल भी बंद पड़ा था। कई साल से गर्मियों के दिनों में शौकिया लोग या खिलाड़ी इसका इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब स्मार्ट सिटी योजना में जो स्वीमिंग पूल तैयार किया जा रहा है, उसमें राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं कराई जा सकेंगी। खास बात यह है कि यह इंडोर होगा। इसके लिए पूल के ऊपर लोहे के बड़े गार्डर का फ्रेम लगाया जा रहा है, जिसको ऊपर से कवर किया जाएगा।
विज्ञापन
स्वीमिंग पूल में यह होंगी सुविधाएं
स्वीमिंग पूल के साथ खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय आदि भी रहेंगे। इनमें लड़कों के लिए अलग और लड़कियों के लिए अलग व्यवस्था होगी। हालांकि चेंजिंग रूम और शौचालय आदि पहले भी थे, लेकिन वह पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिनको नया रूप दिया जा रहा है।
विज्ञापन
दो स्वीमिंग पूल बनेंगे
स्टेडियम में पहले दो स्वीमिंग पूल थे। इनमें एक बड़ों के लिए और एक छोटों के लिए था, जिसकी गहराई कम थी। जो नए स्वीमिंग पूल बन रहे हैं वह भी दो ही बनेंगे, लेकिन उनको आधुनिक रूप से तैयार किया जाएगा। दोनों पर काम शुरू हो चुका है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्टेडियम में बनने वाला स्वीमिंग पूल इंडोर होगा। अभी तक यह खुला था। पूरे स्वीमिंग पूल को नए रूप में राज्य स्तर का तैयार किया जा रहा है, जिस पर चार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
- अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर