सहारनपुर। लॉकडाउन अवधि की फीस माफ किए जाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी अभिभावक संघ समिति के पदाधिकारी भूख हड़ताल पर रहे।
हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर चल रहे धरने के दौरान संजय वालिया ने कहा कि आम आदमी की समस्याओं को शासन और प्रशासन अनदेखी कर रहा है। लॉकडाउन में जब स्कूल खुले नहीं तो अभिभावक फीस क्यों दें। सपा के नवनियुक्त वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद गाडा ने कहा अभिभावकों की मांग को लेकर सपा पहले से ही इस आंदोलन में शामिल है। प्रशासन ने 38वें दिन धरना समाप्त कराकर आश्वासन दिया था कि जल्द ही समस्या का हल निकाला जाएगा, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। फीस माफी की मांग पूरी न होने तक भूख हड़ताल और क्रमिक अनशन जारी रहेगा। इस दौरान प्रधान सलीम अख्तर, अमित गुर्जर, अमित त्यागी, आदेश त्यागी, चौधरी कुलदीप, करण सिंह, अरविंद कुमार, विनय चौधरी, चौधरी पप्पू, राजकुमार सैनी, मोहम्मद अलीम, रवि यादव, अमित मौजूद रहे।