Saharanpur: मुठभेड़ में दबोचा कुख्यात ‘कनपटा’, पुलिस की गोली से घायल, तमंचा-बाइक बरामद
सहारनपुर के होजखेड़ी चौराहे पर मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अरशद उर्फ कनपटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी, तमंचा व बाइक बरामद की गई है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में थाना कुतुबशेर पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
थाना कुतुबशेर प्रभारी अपनी टीम के साथ होजखेड़ी चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाहुपुर की ओर से आ रही एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 2 जून को आपके शहर में क्या हुआ
पुलिस ने पीछा किया तो भागते समय बदमाशों की बाइक फिसल कर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह गिर गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में कॉम्बिंग अभियान जारी है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान अरशद उर्फ कनकटा निवासी एकता कॉलोनी थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है। वह थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 12 से अधिक गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।