जिले को मिली बड़ी सौगात: विश्वविद्यालय का हुआ शिलान्यास, स्कूलों में तैयार हुई स्मार्ट क्लास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वविद्यालय का शिलान्यास दो दिसंबर 2021 को किया। इस विवि का नामकरण भी मां शाकंभरी देवी के नाम पर किया गया।
विस्तार
वर्ष 2021 शिक्षा के क्षेत्र में सहारनपुर के लिए सौगातों भरा और सुकून देने वाला रहा। दो दशक से चली आ रही राज्य विश्वविद्यालय की मांग पूरी हुई। दो दिसंबर 2021 को प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया है। विवि का नामकरण भी मां शाकंभरी देवी के नाम पर किया गया। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों के साथ ही माध्यमिक विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास तैयार की गई है। सुकून भरा इसलिए रहा, क्योंकि कोरोना की वजह से पूरे 18 माह यानी डेढ़ साल बंद रही कक्षाओं का भौतिक रूप से संचालन शुरू हुआ। पेश है रिपोर्ट...
विश्वविद्यालय से आएगा उच्च शिक्षा में बदलाव
उच्च शिक्षा के लिहाज से सहारनपुर जनपद काफी पिछड़ा रहा है। प्रत्येक वर्ष हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता था। ऐसे में बीते दो दशक से राज्य विश्वविद्यालय की मांग चली आ रही थी, जिसे राज्य सरकार ने मानते हुए विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया है। जनपद के सभी महाविद्यालयों को इसी विश्वविद्यालय से संबद्ध किया जाएगा। जिसके बाद न केवल स्थानीय विद्यार्थियों को अपने जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि उच्च शिक्षा से जुड़े तमाम कार्यों के लिए मेरठ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सरकारी विद्यालयों में बनी स्मार्ट क्लास
स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम ने नगर के 20 परिषदीय विद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों में 22 स्मार्ट क्लास बनाने का काम शुरू किया है। इन कक्षाओं का करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। स्मार्ट क्लास बनने के बाद सरकारी विद्यालयों के छात्र भी आधुनिक उपकरणों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा गृहण कर सकेंगे। इसके अलावा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दान के पैसे से चार स्मार्ट क्लास बनाई गई है, जिनमें 75 इंच की बड़ी स्क्रीन, नया फर्नीचर, कक्षाओं की छत पर सीलिंग और दीवारों पर वॉल पैनल लगाए गए हैं। यानी बड़े प्राइवेट स्कूलों से बेहतर कक्षाएं तैयार की गई हैं।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के कार्यक्रम की बड़ी तैयारी: रिहर्सल करने हेलीकॉक्टर से पहुंचे सुरक्षाकर्मी, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर
कोरोना के कारण बंद कक्षाएं भौतिक रूप से चलीं
कोरोना के कारण स्कूलों में कक्षाओं का संचालन पूरे 18 माह बंद रहा। केवल ऑनलाइन और मोहल्ला कक्षाएं चल रही थीं, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर का असर पूरी तरह खत्म होने के बाद सरकार के आदेश पर 30 अगस्त से कक्षाओं का संचालन भौतिक रूप से शुरू हुआ। तब से कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से हो रहा है। इससे अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि ऑनलाइन पढ़ाई में शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों खासकर माताओं को भी कसरत करनी पड़ रही थी और बच्चे फिर भी पठन-पाठन ठीक से नहीं कर पा रहे थे।
यह भी पढ़ें: सीने पर बरसाईं गोलियां: मुतल्लिब की हत्या के बाद खुले शोएब के बड़े राज, करता रहा वारदात, सोती रही पुलिस, तस्वीरें
एमबीबीएस के 27 छात्रों का निलंबन
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी में एमबीबीएस छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट और फिर खूनी संघर्ष चर्चाओं का विषय रहा। इसमें कॉलेज प्रशासन को मजबूरन पीएसी और पुलिस का सहारा लेकर दो छात्रावास खाली तक कराने पड़े। इसके अलावा 27 छात्रों को निलंबित किया गया, जो अभी तक निलंबित ही चल रहे हैं।