UP: सहारनपुर में टला बड़ा हादसा, आग लगते ही मचा हड़कंप, मकान में था पूरा परिवार
UP: सहारनपुर में बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां एक मकान में आग लगते ही हड़कंप मच गया। बताया गया कि मकान में पूरा परिवार था।
विस्तार
सहारनपुर में घनी आबादी वाले क्षेत्र हकीकतनगर के एक मकान में सोमवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। पता लगते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से टल गया। घर में आतिशबाजी रखी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि आतिशबाजी से ही आग लगी है। वहीं समय रहते क्षेत्र के लोगों ने परिवार को बाहर निकाल लिया।
घटना सोमवार की शाम सात बजे की है। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हकीकतनगर में बड़ा चौक के पास राजू पाहवा का मकान है। उनके मकान के एक कमरे में अचानक धुआं निकलने लगा। इसको देखकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और राजू पाहवा के परिवार को बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही सीएफओ तेजवीर सिंह और अग्निशमन अधिकारी ऋषभ पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक एक कमरे में भयंकर आग लग चुकी थी। दमकल विभाग की टीम ने आधे घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया। मौके पर क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई और अफरा-तफरी माहौल हो गया।
यह भी पढ़ें: BIJNOR: गांव में अचानक हुई हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, मचा हड़कंप, देखने वालों की जुटी भीड़, तस्वीरें
सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता किया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान के स्टोर रूम में दीपावली की बची हुई आतिशबाजी रखी हुई थी। आतिशबाजी की वजह से ही आग लगी है, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन एक कमरे में रखा करीब 50 हजार रुपये घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
घर में रखे थे चार सिलिंडर, हो सकता बड़ा धमाका
दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल प्रभाव से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इसके साथ ही घर में रखे चार गैस सिलेंडर भी बाहर निकाले। गनीमत रही कि आग दूसरे कमरों में नहीं पहुंची, जहां पर सिलिंडर रखे हुए थे। अगर सिलिंडरों तक आग पहुंच जाती तो धमाका हो सकता था। यह इलाका घनी आबादी वाला क्षेत्र है और कई मकान में चपेट में आ सकते थे।
यह भी पढ़ें: यूपी में ताबड़तोड़ कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय पशु तस्कर की 15 बीघा जमीन जब्त, जानें- कौन था अकबर बंजारा
पड़ोसियों में बना रहा दहशत का माहौल
आग लगने का पता लगते ही राजू पाहवा के पड़ोसी भी घरों से बाहर निकल आए। आग बुझने पर लोगों ने राहत की सांस ली। घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बना रहा।