नागल (सहारनपुर)। भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं ने नागल बिजली घर प्रांगण में धरना प्रदर्शन करते हुए जेई एवं एसडीओ अपने साथ बैठा लिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को किसी तरह शांत कराया।
धरने के दौरान संगठन के मंडल अध्यक्ष चौधरी बिरेंदर सिंह का कहना था कि गांव गांगनौली में शुक्रवार को किसान हरेंद्र सिंह का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। आरोप है कि अंवर अभियंता नगेंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मचारी किसानों का शोषण करते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दौरान वहां पहुंचे जेई और एसडीओ को किसानों ने अपने बीच बैठा लिया। किसानों का कहना था कि जब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाएगा, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। बाद में थाना एसएसआई रविंद्र सिंह पंवार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया। धरना देने वालों में निखिल त्यागी, मधुसूदन, अभिमन्यु वालिया, राजीव त्यागी, संदीप, प्रदीप प्रमील, मनीष वालिया, जोगेंद्र शर्मा, अकरम, वाजिद, धीरज त्यागी, सुखबीर सिंह, मोना आदि रहे।
उधर, एसडीओ सुंदरपाल के अनुसार ट्रांसफार्मर का तेल निकल गया था। उसके फुंकने या ना फुंकने की जांच कराई जा रही थी। इसी कारण उसे बदलने में देरी हुई।