Saharanpur: हादसे में बैंक के फील्ड ऑफिसर की मौत, दो महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
Saharanpur News : बैंक के फील्ड ऑफिसर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि दो महीने पहले ही शादी हुई थी। वहीं, मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बंधन बैंक के फील्ड ऑफिसर की मौत हो गई, जबकि उनका बैंककर्मी साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बाइक द्वारा किसी वाहन को ओवरटेक करते समय सड़क किनारे खड़े ट्रक की टक्कर लगने से हुआ।
मुजफ्फरनगर के कस्बा चरथावल स्थित बंधन बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत सहारनपुर की लेबर कॉलोनी निवासी विवेक (26) पुत्र नंदन सिंह अपने बैंककर्मी साथी संदीप पुत्र राम सिंह के साथ बाइक द्वारा चरथावल से सहारनपुर जा रहे थे।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे जब वह देवबंद में स्टेट हाईवे-59 पर स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के समीप पहुंचे तो किसी गाड़ी को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में विवेक और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: लाडली पूर्वी के शव को हाथ में लेकर बिलखते रहे चाचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ऐसे गई बच्ची की जान
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: UP: भाकियू की महापंचायत, टिकैत बोले- एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी किया गया पीछा, जानें आखिर क्या है मामला
उधर, पुलिस ने विवेक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन रात में ही रोते बिलखते देवबंद अस्पताल में पहुंचे। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दो महीने पहले ही विवेक की शादी हुई थी।