UP: भाकियू की महापंचायत, टिकैत बोले- एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी किया गया पीछा, जानें आखिर मामला क्या
Meerut News : मेरठ में आज भाकियू की महापंचायत हो रही है। इससे पहले राकेश टिकैत ने कहा था कि मेरा एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी पीछा किया गया। जानिए आखिर पूरा माजरा क्या है।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की महापंचायत आज मेरठ के चौधरी चरण सिंह पार्क में हो रही है। महापंचायत में किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ने और भाकियू का झंडा लगाकर कमिश्नरी पहुंच रहे हैं। सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में किसान जिंदाबाद का नारा गूंज रहा है।
वहीं चौधरी चरण सिंह पार्क को जहां पूरे पांडाल से ढका गया है तो वहीं भारतीय किसान यूनियन के झंडे लहरा रहे हैं। उधर, प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कमिश्नरी चौराहा से जुड़ने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है।
किसान नेता महापंचायत मंच से एलान कर रहे हैं कि पुलिस-प्रशासन किसानों के वाहनों को रोकने का काम कर रहा है, जबकि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से महापंचायत में पहुंच रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि पुलिस-प्रशासन को चाहिए कि वह शांतिपूर्ण महापंचायत में पहुंचने वालों को किसी भी कीमत पर न रोका जाए।
इससे पहले महापंचायत की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार रात साढ़े नौ बजे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत कमिश्नरी पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: लाडली पूर्वी के शव को हाथ में लेकर बिलखते रहे चाचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ऐसे गई बच्ची की जान
इससे पहले दिन में भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज शासन तक पहुंचाने के लिए महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान पहुंचेंगे। सरकार को किसानों की मांगों को मानना होगा।
नलकूपों पर बिजली मीटर लगाए जाने, गन्ना मूल्य न बढ़ाए जाने, आवारा पशुओं की समस्या का समाधान न होने सहित इन सभी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन की ओर से महापंचायत की जा रही है। राकेश टिकैत किसानों को संबोधित करेंगे। भाकियू के युवा जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि महापंचायत में हजारों किसान शामिल होंगे। इस मौके पर संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव राजकुमार करनावल, महबूब सौलाना, मोनू ढिंढाला समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे।
दिल्ली की तरह धरना स्थल की जगह करें सुनिश्चित - राकेश टिकैत
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा प्रशासन को सुझाव है कि दिल्ली जंतर-मंतर की तरह मेरठ में भी धरना स्थल की जगह सुनिश्चित करें। ताकि जो भी आंदोलनकारी हैं, वह अपने वाहनों से वहां पहुंच सकें। वहां पर पेयजल और शौचालय आदि की सुविधा हो। हम कमिश्नरी पर आएंगे तो लोगों को रास्ते जाम होंगे। लोगों को परेशानी होगी। लेकिन हमें कहीं ओर जगह नहीं मिलने के कारण यहां आना पड़ेगा।
टिकैत परिवार को बम से उड़ाने की धमकी
बाहरी राज्यों की पंचायतों में शामिल होने पर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। उनके बेटे गौरव टिकैत के मोबाइल पर धमकी भरी कॉल की गई है। भौराकलां थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी।
भाकियू अध्यक्ष के पुत्र गौरव टिकैत ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके मोबाइल पर धमकी भरी कॉल की जा रही थी। पहले परिवार ने धमकी को किसी की शरारत समझा, लेकिन बार-बार कॉल आने की वजह से भौराकलां थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। धमकी देने वाले ने टिकैत परिवार के बाहरी राज्यों की पंचायतों में शामिल होने पर नाराजगी जताई है।
उधर, चौधरी राकेश टिकैत ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने भाकियू अध्यक्ष के परिवार की सुरक्षा की मांग की है। रालोद के खतौली विधायक मदन भैया ने सिसौली पहुंचकर भाकियू अध्यक्ष से मामले की जानकारी ली। सीओ फुगाना देवव्रत वाजपेयी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस नंबर से कॉल की गई है, उसकी जांच की जा रही है।
धमकी देने वाला सामने आकर बताए परेशानी : टिकैत
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि धमकी देने वाले को सामने आकर अपनी परेशानी बतानी चाहिए। हम समाज को जोड़ने का काम करते हैं। किसानों की समस्याओं को उठाया जाता रहेगा।
एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी किया गया टिकैत का पीछा
चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि संदिग्ध लोग लगातार पीछा कर रहे हैं। बाहरी राज्यों की पंचायतों में शामिल नहीं होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पिछले दिनों एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी इस तरह के लोग मिले। कई बार पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: Shamli News: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बस, मची चीख-पुकार, 20 से ज्यादा यात्री घायल
बृहस्पतिवार को भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि वह लगातार किसानों की आवाज उठाते रहेंगे। धमकी भरी कॉल किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती है। बिहार से लेकर बंगाल और छत्तीसगढ़ तक की पंचायतों में शामिल नहीं होने के लिए दबाव बनाया गया है। पुलिस प्रशासन निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए। परिवार के सदस्य जहां जाते हैं, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। पहले भी उनके ऊपर हमला किया जा चुका है। सरकार को यह पूरा मामला संज्ञान में लेना चाहिए।
पहले कॉल, फिर किए मैसेज गौरव टिकैत ने बताया कि धमकी देने वाले ने पहले कॉल कर धमकी दी। काफी लंबी कॉल के बाद जब फोन कट गया तो मोबाइल पर मेसेज किए गए। यह भी चेतावनी दी गई है कि कहां तक भागोगे।
टिकैत से मिलने सिसौली पहुंचे मदन भैया
टिकैत परिवार को धमकी के बाद खतौली के रालोद विधायक मदन भैया सिसौली पहुंचे। उन्होंने भाकियू अध्यक्ष से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली है। विधायक ने कहा कि वह सरकार से मांग करते हैं कि परिवार को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
मोबाइल की डिटेल खंगाल रही पुलिस
भौराकलां थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मोबाइल की डिटेल खंगाल रही है। सीओ फुगाना देवव्रत वाजपेयी ने कहा कि पुलिस मोबाइल की डिटेल से जानकारी ले रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut: होली के दिन लापता हुई बच्ची का शव दूसरे दिन नाले से बरामद, गोद में उर्वी को लेकर बिलखता रहा पिता
आज मेरठ में पंचायत, उठेगा मुद्दा
किसानों के मुद्दे पर भाकियू की मेरठ कमिश्नरी में शुक्रवार को पंचायत है। यहां भी टिकैत परिवार को धमकी दिए जाने का मुद्दा उठाया जाएगा। प्रकरण से नाराज कार्यकर्ताओं ने भंगेला चेकपोस्ट पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।