विजेता: एशियन गेम्स में पदक जीतकर सहारनपुर पहुंचीं प्राची, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत; बोलीं-'डीएसपी बनना सपना'
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर सहारनपुर पहुंचीं प्राची चौधरी का रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत हुआ। प्राची ने डीएसपी बनने और ओलंपिक में स्वर्ण जीतने को अपना लक्ष्य बताया।
विस्तार
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटीं प्राची चौधरी का शुक्रवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और भारत माता की जय के नारों के साथ जोरदार स्वागत हुआ। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और समर्थक स्टेशन पहुंचे। प्राची ने इस दौरान कहा कि उनका सपना डीएसपी बनना है और अब उनका लक्ष्य आगामी विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ 2028 ओलंपिक की तैयारी करना है।
दिल्ली-सहारनपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से पहुंचीं
प्राची चौधरी दिल्ली-सहारनपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दोपहर करीब 12:50 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। ट्रेन के पहुंचने से पहले ही उनकी बहन, भतीजी और अन्य परिवारजन स्टेशन पर मौजूद थे। जैसे ही प्राची स्टेशन पहुंचीं, समर्थकों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: सियासत: जयंत को एनडीए के कोटे से राज्यसभा भेजने की तैयारी, विधानसभा चुनाव में सपा के मुद्दे को रोकने की रणनीति
ढोल-नगाड़ों के साथ खुली जीप में निकलीं
स्टेशन पर प्राची का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें खुली जीप में ले जाया गया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और समर्थक मौजूद रहे। प्राची की उपलब्धि पर लोगों में उत्साह नजर आया।
बोलीं- डीएसपी बनना मेरा सपना
मीडिया से बातचीत में प्राची चौधरी ने कहा कि उनका सपना डीएसपी बनना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को डीएसपी पद पर नियुक्त करती है। प्रतियोगिता में जाने से पहले ही उन्होंने पुलिस की वर्दी के लिए अपना नाप दे दिया था। अब वह मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगी।
विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक पर नजर
प्राची ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य आगामी विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक जीतना है। इसके साथ ही वह 2028 ओलंपिक के लिए भी अभी से तैयारी कर रही हैं।
जनप्रतिनिधि और खेल अधिकारी रहे मौजूद
स्वागत के दौरान नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव चौधरी धीर सिंह, खेल अधिकारी राहुल चोपड़ा, एथलेटिक्स के सहायक प्रशिक्षक लाल धर्मेंद्र प्रताप, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।