UP: लोकसभा चुनाव को लेकर हुई अहम बैठक, ADG बोले- गड़बड़ करने वालों को करें चिह्नित, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
Saharanpur News : लोकसभा चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को पांच राज्यों के पुलिस अधिकारियों की सहारनपुर में अहम बैठक हुई। बैठक में एडीजी डीके ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में गड़बड़ करने वालों को चिह्नित करें और उन पर कार्रवाई की जाए।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पांच राज्यों के अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर मंथन किया। मेरठ जोन के एडीजी डीके ठाकुर ने कहा कि चुनाव में जिनके द्वारा गड़बड़ी करने की आशंका है, उनको चिह्नित कर मुचलकों में पाबंद किया जाए। पूर्व में हुए चुनाव में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। गोकशी और शराब तस्करी में लिप्त रहे अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए। इन गिरोह की सूचनाएं पांच राज्यों के अधिकारी एक-दूसरे को प्रदान करें।
सहारनपुर में बृहस्पतिवार को सर्किट हाऊस में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मंथन कर रूपरेखा तैयार की। मेरठ जोन के एडीजी डीके ठाकुर ने सभी राज्यों के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वह हर सूचना एक-दूसरे को साझा करें। ताकि अपराधियों पर कड़ी नजर रहे और शरारती तत्व गड़बड़ी न कर पाएं।
इसके साथ ही गोकशी, शराब तस्करी सहित अन्य अपराधों में लिप्त रहे गिरोह पर गैंगस्टर लगाई जाए। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर लिया जाए। अपराधियों को डोजियर भरकर पड़ोसी राज्यों के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी इसको दूसरे के साथ साझा करें। पांचों राज्य के पुलिसकर्मी और अधिकारी संयुक्त रूप से तालमेल बैठाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करें। राज्यों की सीमाओं पर नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जाए। सभी प्रदेशों की सीमाओं पर बने थानों के पुलिसकर्मियों हर माह बैठक करें। राज्यों के बॉर्डर पर लगातार बैरियर लगाकर चेकिंग की जाए। उन्होंने सभी राज्यों के पुलिसकर्मियों को एक-दूसरे की मदद करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Shamli News: ISI एजेंट कलीम का भाई तहसीम गिरफ्तार, फरार सदस्यों की तलाश जारी
इन अधिकारियों ने सुरक्षा का प्लान किया तैयार
बॉर्डर मीटिंग में मेरठ जोन के आइजी नचिकेता झा, पुलिस महानिरीक्षक करनाल परिक्षेत्र सतेंद्र कुमार गुप्ता, मंडलायुक्त सहारनपुर हृर्षिकेश भास्कर यशोद, मंडलायुक्त मेरठ सेल्वा जे कुमारी, अपर आयुक्त पूर्वी परिक्षेत्र दिल्ली सागर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह, एसएसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा, जिलाधिकारी सहारनपुर डॉ. दिनेश चंद्र, बागपत के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, शामली के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह, सहारनपुर के एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, एसपी शामली अभिषेक, एसपी बागपत अर्पित विजयवर्गीय, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक और एसपी देहात सागर जैन मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: कांग्रेस ने मेरठ से किया चुनावी शंखनाद, इमरान मसूद बोले- राम हमारे आराध्य, हम सब राम के वंशज