सहारनपुर में हादसा: ईंट भट्ठे पर अचानक गिरी दीवार, एक व्यक्ति और दो घोड़ों की मलबे में दबकर मौत, मचा कोहराम
सहारनपुर में दर्दनाक हादसा : ईंट भट्ठे पर अचानक दीवार गिरने से एक व्यक्ति और दो घोड़ों की मलबे में दबकर मौत हो गई। उधर, मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव जेहरा में एक ईंट भट्ठे पर अचानक दीवार गिरने से एक व्यक्ति और दो घोड़ों की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं दो घोड़ा-बुग्गी चालकों ने भागकर अपनी जान बचाई। भट्ठे पर ईंट भराई के दौरान ही यह हादसा हुआ है।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव जेहरा निवासी पूर्व प्रधान मुनेश चौधरी के ईंट भट्ठे पर हुआ। गांव इस्सोपुर निवासी घोड़ा-बुग्गी चालक रोशन (50) पुत्र किशन, गांव जेहरा निवासी अनुज और टिंकू ईंट भट्ठे पर बुग्गी में ईंटें भर रहे थे। तभी अचानक ईंटों की दीवार भर-भराकर गिर पड़ी। रोशन और तीनों बुग्गियां घोड़ों सहित दीवार के मलबे में दब गए। इस दौरान अनुज और टिंकू बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं मलबे में दबे हुए रोशन और तीनों घोड़ों को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक रोशन और दो घोड़ों की मौत हो चुकी थी, जबकि टिंकू का घोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: लाडली पूर्वी के शव को हाथ में लेकर बिलखते रहे चाचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ऐसे गई बच्ची की जान
उधर, सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह, पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें: UP: भाकियू की महापंचायत, टिकैत बोले- एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी किया गया पीछा, जानें आखिर क्या है मामला
बताया गया कि रोशन के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा नितिन मजदूरी कर पिता का हाथ बंटाता है, जबकि उसके दो छोटे भाई विशाल और रितिक अभी पढ़ रहे हैं। मृतक के तीनों बेटों और पत्नी मुकेश का रो-रोकर बुरा हाल है।