Deoband: 12वीं के छात्र की लाश मिलने से सनसनी, इस हालत में था शव, नाश्ता कर घर से निकला था शोराज
Deoband News : सहारनपुर के देवबंद में 12वीं के छात्र की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जांच में पता चला कि शोराज घर से नाश्ता करके निकला था।
विस्तार
सहारनपुर में देवबंद के मनोहरपुर गांव के खेत में इंटरमीडिएट के छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों में काम कर रहे मजदूरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। जिसकी पहचान गंगदासपुर गांव निवासी शोराज के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
मंगलवार को तलहेड़ी बुजुर्ग रेलवे स्टेशन से सटे मनोहरपुर गांव के जंगल में कुछ मजदूर खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान वह पानी भरने के लिए खेत में बनी नाली के पास पहुंचे तो देखा किसी युवक का शव नाली में पड़ा है। उन्होंने इसकी जानकारी खेत मालिक विजय को दी।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसकी शिनाख्त कराई तो पता चला कि मृतक गंगदासपुर गांव निवासी पदम सिंह का 18 वर्षीय पुत्र शोराज है।
जानकारी मिलते ही परिजनों सहित काफी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। बताया गया कि मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी और इसी वर्ष उसने सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। जिसका अभी रिजल्ट नहीं आया है।
सीओ अशोक सिसोदिया का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल परिजन कुछ कहने की स्थिति में नहीं है।
यह भी पढ़ें: गुलफशा हत्याकांड: आरोपी पति गिरफ्तार, पिस्टल भी बरामद, पूछताछ में सामने आया वारदात का सच
नाश्ता कर घर से निकला था
पुलिस पूछताछ में जानकारी मिली कि मृतक शोराज रोजमर्रा की तरह मंगलवार की सुबह एक्सरसाइज करके घर पहुंचा और नाश्ता करके फिर घर से निकल गया। उसके बाद उसका शव मनोहरपुर खेत की नाली में पड़ा मिला। मौत की क्या वजह रही इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: रंग लाई मेहनत: बेटी की जिद ने दिलाई जीत, किसान पिता और ममता के संघर्ष ने रूपल को ओलंपिक तक पहुंचाया