रामपुर: पिता को खाना देकर आए बेटे का मिला शव, पोस्टमार्टम को भेजा
कोतवाली क्षेत्र के परेवा गांव की नहर में लोगों ने एक युवक का शव पड़े हुए देखा। युवक के ऊपर बाइक और खाली बोरियों के तीन बंडल पड़े हुए थे। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
विस्तार
पिता को खाना देकर बाइक से वापस घर जा रहे पुत्र का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। शव बाइक के नीचे दबा हुआ था और उसके ऊपर तीन खाली बोरों के बंडल पड़े हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के परेवा गांव की नहर में लोगों ने एक युवक का शव पड़े हुए देखा। युवक के ऊपर बाइक और खाली बोरियों के तीन बंडल पड़े हुए थे। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस बीच मौके पर पहुंचे मुरादाबाद जिले के थाना पाकबाड़ा के ग्राम रतनपुरा निवासी दलपत सिंह ने शव की शिनाख्त अपने बेटे सोनू (25) के रूप में की।
उन्होंने बताया कि वो अपने बेटे के साथ क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित एक आम के बाग में काम करते थे और उसी में बने घर में रहते थे। बाग का काम खत्म होने के बाद वो एक सीड प्लांट में नौकरी कर रहे हैं। मंगलवार की रात वह प्लांट में ड्यूटी पर थे तो उनका बेटा सोनू बाइक से खाना देकर रात करीब 9 बजे अपने घर के लिए गया था। सुबह उसका शव मिला। बाइक पर खाली बोरी के बंडल कहां से आए, ये उन्हें भी जानकारी नहीं है।
कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि आशंका है कि युवक खाली बोरियों के तीन बंडल अपनी बाइक पर रखकर नहर पार कर रहा होगा इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई होगी और वह बाइक समेत नहर में गिर गया, जिस कारण बाइक के नीचे दबने की वजह से वह उठ नहीं पाया और उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।