रामपुर: शहजादनगर थाना क्षेत्र के झुनइया में किसान की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया रिश्तेदार पर आरोप
शहजादनगर थाना क्षेत्र के झुनइया गांव निवासी सोरन सिंह (58) शनिवार रात वो करीब नौ बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर के हिस्से में बने एक बिना दरवाजे वाले कमरे में सोने चले गए थे। रविवार सुबह उनकी बेटी उधर गई तो उनका रक्तरंजित शव वहां पड़ा था।
विस्तार
शहजादनगर थाना क्षेत्र में घर के बाहरी हिस्से में बने एक बिना दरवाजे के कमरे में सो रहे एक किसान को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने एक रिश्तेदार पर परिचितों के साथ हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के झुनइया गांव निवासी सोरन सिंह (58) खेती किसानी करते थे। सोरन सिंह अपने तीन बेटों के साथ गांव में ही बने घर में रहते थे। परिजनों के अनुसार शनिवार रात वो करीब नौ बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर के हिस्से में बने एक बिना दरवाजे वाले कमरे में सोने चले गए थे।
बेटी झाड़ू लगाने गई तो देखा शव
रविवार सुबह करीब पांच बजे उनकी बेटी भूरी जब झाड़े लगाने के लिए उनके कमरे में पहुंची तो उनका शव देखकर उसकी चीख निकल पड़ी और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उन्होंने देखा कि सोरन सिंह का रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा था। सोरन सिंह के कान के बराबर से गोली मारी गई थी।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही परिजनों से जानकारी की जा रही है। परिजनों ने एक रिश्तेदार पर उसके परिचितों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है।